दोआबा न्यूजलाइन


कृषि विभाग ने की 40 दिन के जागरूकता अभियान की शुरुआत

जालंधर: जिला जालंधर में धान की पराली को आग न लगाने और इसके उचित प्रबंधन के लिए किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जिला प्रशासन के सहयोग से 40 दिन के विशेष अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत तीन वैन जिले के गांव-गांव जाकर किसानों को पराली न जलाने का संदेश देंगी।
आज यहां जिला प्रशासकीय परिसर से जागरूकता वैन को रवाना करते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अमनिंदर कौर ने कहा कि इन वैन का उद्देश्य किसानों को धान की पराली को आग न लगाने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ पराली को खेतों में ही मिलाने के फायदों और आग लगाने के नुकसानों के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि इस विशेष अभियान के दौरान वैन के माध्यम से जिले के सभी गांवों को कवर किया जाएगा। इस अवसर पर सी.एम.एफ.ओ. नवदीप सिंह भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि पराली जलाने से जहां पर्यावरण प्रदूषित होता है, वहीं जमीन की उर्वरता पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे धान की कटाई के बाद पराली को आग न लगाएँ, बल्कि इसके उचित प्रबंधन को प्राथमिकता दें। इसके लिए पंजाब सरकार द्वारा सब्सिडी पर कृषि मशीनरी भी उपलब्ध करायी जा रही है।
वहीं मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. जसविंदर सिंह ने कहा कि पराली को खेतों में मिलाने से मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है, जिससे फसल की पैदावार में वृद्धि होती है और रासायनिक उर्वरकों की आवश्यकता भी कम हो जाती है। उन्होंने किसानों से पराली को आग न लगाने और इसे खेतों में ही उपयोग करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि इन वैन में कृषि विभाग द्वारा तैयार ऑडियो संदेश चलाए जाएंगे और पैंफलेट भी वितरित किए जाएँगे, जिनके माध्यम से किसानों को पराली जलाने के नुकसानों और इसके उचित प्रबंधन के तरीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर कृषि अधिकारी डॉ. सुरजीत सिंह और जसवीर सिंह, कृषि विकास अधिकारी अनीश चंद्र, और कृषि विभाग तथा किसान कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे।