

दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: बसंत के त्योहार के नजदीक आते ही जहां एक तरफ बच्चों और युवाओं में पंतगबाजी को लेकर भारी उत्साह देखने को मिलता है। वहीं दूसरी तरह इस दौरान पंजाब में जगह-जगह से प्रतिबंधित चाइना डोर के कारण होने वाली दुर्घटनाओं का सिलसिला भी शुरू हो जाता है। ताजा मामला पंजाब के जालंधर से सामने आया है जहां पतंगबाजी के दौरान प्रतिबंधित चाइना डोर की चपेट में आने से एक युवक की गर्दन में गंभीर घाव हो गया। जिसके बाद आनन-फानन में तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया गया और डॉक्टरों द्वारा इलाज शुरू किया गया।
घायल युवक की पहचान हरदीप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हरदीप पतंग उड़ा रहा था तभी पतंग उड़ाते समय चाइना डोर अचानक उसके गले में फंस गई, जिससे उसकी गर्दन पर गहरा घाव आ गया। घटना के बाद गर्दन पर खतरनाक और गहरे घाव के चलते युवक को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके चलते तुरंत उसे इलाज के लिए ग्लोबल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा घायल युवक की सर्जरी की गई है। अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार मरीज की निगरानी कर रही है।


