दोआबा न्यूज़लाइन
हादसे में कार सवार माँ-बेटी घायल
जालंधर: पंजाब के जालंधर में पठानकोट हाईवे पर सुबह-सुबह एक बड़ा भयानक एक्सीडेंट हुआ है। जानकारी के अनुसार जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर रायपुर मोड़ के पास आज सुबह एक कंटेनर ट्रक की वेन्यू कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार 28 वर्षीय महिला और उसकी 3 वर्षीय बेटी घायल हुए हैं। हालांकि भयानक टक्कर के चलते कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। वहीं मौके का फायदा उठाकर ट्रक चालक गाड़ी को वहीं छोड़ मौके से फरार हो गया।

वहीं एक्सीडेंट के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत गाड़ी से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए तुरंत पास के अस्पताल में पहुंचाया। जिसके बाद लोगों ने एक्सीडेंट की सूचना पुलिस को दी। घायलों की पहचान 28 वर्षीय महिला सोनाली पत्नी राजविंदर सिंह और उनकी 3 वर्षीय बच्ची सिमरन कौर के रूप में हुई है।

वहीं दुर्घटना की सूचना पाकर तुरंत एसएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। एएसआई रणधीर सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वेन्यू कार वेन्यू कार नंबर PB08EZ7251 भोगपुर से जालंधर जा रही थी और कंटेनर ट्रक नंबर PB06E4977 धोगरी फैक्ट्री से लोड होकर अचानक हाईवे पर आ गया, वहीं बहुत ज़्यादा कोहरे के चलते दोनों गाड़ियां आपस में जोर से टकरा गईं। जिसके बाद हाईवे पर बहुत बड़ा ट्रैफिक जाम लग गया।
मौके पर SSF टीम और एएसआई लखविंदर सिंह और 112 की मदद से नेशनल हाईवे से दोनों दुर्घटना ग्रस्त वाहनों को रोड से हटाकर साइड पर लगाया गया और ट्रैफिक क्लियर करवाया गया। प्राथमिक जांच में हादसे का मुख्य कारण घना कोहरा और ट्रक चालक की लापरवाही प्रतीत हो रही है।