दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए जालंधर से एक दुःख भरी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि जालंधर में कांग्रेस प्रदेश महासचिव मनोज मल्होत्रा (मनु वड़िंग) का 48 साल की उम्र में निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार मनोज मल्होत्रा को सुबह करीब 4 बजे साइलेंट हार्ट अटैक आया। जिसके बाद परिवार तुरंत उनको लेकर अस्पताल पहुंचा, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मनोज मल्होत्रा के निधन की खबर फैलते ही कांग्रेस पार्टी समेत राजनीतिक और सामाजिक हलकों में दुःख की लहर दौड़ गई। उनके निधन की खबर सुन कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के जरिए मनु को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार दीप नगर में दोपहर के समय किया जाएगा।
मनोज मल्होत्रा पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी सहयोगी माने जाते थे। वह कांग्रेस प्रदेश महासचिव भी थे। इसके अलावा राजनीति में सक्रिय होने के साथ ही वह रियल एस्टेट कारोबारी थे। वे फिटनेस प्रेमी थे। मनोज जालंधर के बड़िंग इलाके के रहने वाले थे और पार्टी संगठन में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके थे। उनकी पत्नी परवीना भी नगर निगम में पार्षद रह चुकी हैं।
