दोआबा न्यूज़लाइन
24 मार्च तक आयोग में पेश न होने पर होगी कार्रवाई- राष्ट्रीय महिला आयोग
बॉलीवुड: इन दिनों बॉलीवुड के बेहतरीन एक्टर संजय दत्त और एक्ट्रेस नोरा फतेही का “सरके चुनर तेरी सरके” गाना हर जगह विवादों से घिरा हुआ है। यह गाना सोशल मीडिया पर भी अपने अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर खूब ट्रोल हो रहा हैं। ताजा जानकारी के अनुसार अब “सरके चुनर तेरी सरके” गाने पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने एक्ट्रेस नोरा फतेही और एक्टर संजय दत्त सहित गीतकार रकीब आलम, KVN ग्रुप के प्रोड्यूसर वेंकट के. नारायण और डायरेक्टर किरण कुमार और अन्य संबंधित लोगों को भी नोटिस भेजा है।
NCW के भेजे गए नोटिस अनुसार मामले से सम्बंधित सभी लोगों को 24 मार्च को आयोग के सामने पेश होना होगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय महिला आयोग ने चेतावनी देते हुए कहा कि सभी लोगों के तय तारीख पर उपस्थित न होने पर उनपर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। आयोग ने इस गाने के कथित अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर खुद संज्ञान लिया है। आयोग के अनुसार गाने के बोल पहली नजर में आपत्तिजनक और यौन संकेतों वाले लगते हैं, जो कानून का उल्लंघन कर सकते हैं।
इस मामले में मंगलवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने शिकायत मिलने पर सेंसर बोर्ड, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गूगल इंडिया को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। जिसके बाद मंगलवार को ही गाने को यूट्यूब और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया था।
वहीं गाने को विवादों में घिरा देख नोरा फतेही ने भी इस संबंध में अपना पक्ष रखा है। एक्ट्रेस नोरा ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर बयान जारी कर कहा कि उन्हें कन्नड़ में गलत ट्रांसलेशन बताकर पूरा गाना शूट करवाया गया और फिर बिना उनकी अनुमति गाने को हिंदी में बना दिया गया। इस सम्बन्ध में मेकर्स ने मुझसे कोई परमिशन नहीं ली, न ही मुझे बताया।


