अमृतसर थाने में ग्रेनेड हमला: हथियारों सहित 6 आरोपी गिरफ्तार, पाकिस्तान से कनेक्शन का खुलासा

दोआबा न्यूज़लाइन

अमृतसर/चंडीगढ़: अमृतसर के थाना इस्लामाबाद परिसर में हुए ग्रेनेड हमला मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पाकिस्तान कनेक्शन सामने आने का दावा किया है। इस मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनके कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। पंजाब पुलिस के अनुसार यह हमला सुनियोजित साजिश के तहत किया गया था, जिसका मकसद पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर दहशत फैलाना था।

कट्टरपंथी मॉड्यूल से जुड़े हैं आरोपी

इस मामले में डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक कट्टरपंथी मॉड्यूल का हिस्सा हैं, जिन्हें पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से समर्थन मिल रहा था। यह मॉड्यूल विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहा था और पंजाब में अस्थिरता फैलाने की साजिश रच रहा था। डीजीपी ने यह भी कहा कि पंजाब में शांति भंग करने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल को पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

विदेशी हैंडलर से मिल रहे थे निर्देश

जांच में सामने आया है कि एक आरोपी का संपर्क पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से था, जो इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। आरोपियों को हमले के लिए फंडिंग और निर्देश विदेश से मिल रहे थे। उन्हें पुलिस ठिकानों को निशाना बनाने के लिए प्रेरित किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 2 पिस्टल समेत अन्य हथियार बरामद किए हैं। साथ ही हमले में इस्तेमाल किए गए ग्रेनेड की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों ने हमले के बाद सबूत मिटाने की भी कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी योजना विफल हो गई।

पंजाब पुलिस, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और काउंटर इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल ट्रैकिंग और खुफिया इनपुट के आधार पर आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और विदेशी लिंक की गहराई से जांच की जा रही है।

Related posts

Breaking: पंजाब के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की गैरहाजरी पर अभिवावकों को आएगा मैसेज, शिक्षा मंत्री ने लॉन्च किया समर्थ प्रोजेक्ट

चंडीगढ़ में ग्रेनेड अटैक के अगले दिन HC को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पंजाब में अगले 2 दिन फिर मौसम लेगा करवट, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट