‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बैनर तले प्रदर्शन जारी, सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर; राहुल गांधी समेत विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेरा
दोआबा न्यूजलाइन
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में छात्रों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाते हुए जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए लिया गया है।
20 जुलाई से जारी है आंदोलन
‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)’ के बैनर तले छात्र 20 जुलाई से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी दिन आयोजित “चलो पार्लियामेंट” मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प हो गई थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग, लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया, जिसमें कई प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि टेंट हटाए जाने और बारिश जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद उनका आंदोलन जारी रहेगा।
सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद भूख हड़ताल जारी रखे हुए हैं। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा छात्रों से जुड़े मुद्दों पर ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
देश के कई शहरों तक पहुंचा आंदोलन
दिल्ली से शुरू हुआ यह आंदोलन अब मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, पटना सहित कई शहरों तक फैल चुका है। बड़ी संख्या में छात्र और युवा शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।
राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गांधी स्मृति पहुंचकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा,
“महात्मा गांधी की हत्या यहीं हुई थी। आज मोदी सरकार भारत में लोकतंत्र की हत्या कर रही है। छात्रों पर अत्याचार हो रहा है, उन्हें पीटा जा रहा है। विपक्ष इसे स्वीकार नहीं करेगा। हम छात्रों के साथ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाना चाहिए और देश से माफी मांगनी चाहिए।”
गांधी स्मृति पहुंचे विपक्षी सांसद
राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद गांधी स्मृति पहुंचे। इस दौरान उनकी बस को रास्ते में कई स्थानों पर पुलिस ने रोका, हालांकि बाद में आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई। गांधी स्मृति पहुंचने के बाद विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रगीत गाया और छात्रों के समर्थन में अपना विरोध दर्ज कराया।
भाजपा का पलटवार
वहीं भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए इस आंदोलन को राजनीति से प्रेरित बताया है। भाजपा का कहना है कि छात्रों के मुद्दों का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है, जबकि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुधार के लिए लगातार कदम उठा रही है।
@bjp4india @nationalcongress @protest @jantarmantar