दोआबा न्यूज़लाइन
एक्सीडेंट के बाद केबिन में 2 घंटे तक फंसा रहा चालक कैंटर चालक
जालंधर: जालंधर के भोगपुर क्षेत्र के पुलथ मोड़ पर मंगलवार देर रात कैंटर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने- सामने से टक्कर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भीषण सड़क हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई। कैंटर ड्राइवर की पहचान 26 वर्षीय सुखजिंदर सिंह पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी गांव घोड़बाहा, तहसील दसूहा, जिला होशियारपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात टांडा की ओर से गलत दिशा में आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और भोगपुर से टांडा जा रहे कैंटर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर चालक सुखजिंदर सिंह ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया। बताया जा रहा है कि चालक करीब दो घंटे तक ट्रक में फंसा रहा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
वहीं सूचना मिलने पर एसएसएफ टीम मौके पर पहुंची और एनएचएआई की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया। घटना की जानकारी भोगपुर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर एएसआई करनैल सिंह सहित पुलिस टीम पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।