दोआबा न्यूज़लाइन
मामा पर लगा कत्ल का आरोप
जालंधर: विदेश में पंजाबियों की संदिग्ध मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब ताजा केस जालंधर के शाहकोट स्थित तलवंडी
संघेड़ा से सामने आया है जहां के एक परिवार के 2 बेटों की ग्रीस में हत्या कर दी गई है। जानकारी के अनुसार परिवार के एक करीबी रिश्तेदार
ने ही उनके बेटों की ग्रीस में बेरहमी से 3 नवंबर को हत्या कर दी थी। मृतक युवकों की पहचान 26 वर्षीय दलजीत सिंह और 23 वर्षीय गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार ने हत्या का आरोप अपने करीबी रिश्तेदार संदीप सिंह पर लगाया है, जो युवकों का मामा है। परिवार का यह भी आरोप है कि आरोपी संदीप दोनों भाइयों को सुनहरे भविष्य का झांसा देकर अपने साथ ग्रीस ले गया था। अब जाकर शुक्रवार को सुबह दोनों के शव अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे। परिवार गहरे सदमे में है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मृतकों के पिता बूटा सिंह ने बताया कि उनके 3 बेटे हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। उनके अनुसार करीब 8 महीने पहले जालंधर के गुमटाली निवासी दूर के रिश्तेदार संदीप सिंह ने उनके बड़े बेटे दलजीत को वर्क परमिट पर ग्रीस भेजने का प्रस्ताव दिया था। जिस प्रस्ताव पर विचार करते हुए परिवार ने कर्ज लेकर बड़े बेटे को पहले भेजा था। वहां पहुंचने के करीब 5 महीने बाद दलजीत ने अपने छोटे भाई गुरविंदर को भी ग्रीस बुला लिया। वह करीब 3 महीने पहले ही वहां पहुंचा था।
परिवार के अनुसार दोनों भाई ग्रीस में एक पिग फार्म में काम करते थे। उन्हें उम्मीद थी कि दोनों की कमाई से घर की आर्थिक स्थिति सुधर जाएगी। परिवार का आरोप है कि 3 नवंबर को संदीप सिंह ने कथित तौर पर दोनों भाइयों पर अलग-अलग जगह तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी थी। दोनों भाइयों की हत्या मामले में ग्रीस पुलिस ने संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि परिवार को शक है कि हत्या में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। दुखी परिवार ने केंद्र और पंजाब सरकार से मामले की गहन जांच करवाने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है।