दोआबा न्यूज़लाइन
गुरुग्राम: साइबर सिटी गुरुग्राम से डकैती का एक बड़ा मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गुरुग्राम के सेक्टर-23 में तेजधार हथियारों से लैस 4 नकाबपोश बदमाशों ने एक रिटायर्ड कर्नल की कोठी को अपना निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार बदमाश खिड़की की ग्रिल काटकर घर में घुसे और तेजधार हथियारों की नोक पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर करीब 8 से 9 लाख रुपये के सोने-हीरे के जेवर और कैश लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद से इलाके में डर का माहौल है।
यह वारदात रिटायर्ड कर्नल सीएल जैन के बेटे विकास जैन के घर पर बीती देर रात हुई है। वहीं घटना के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए विकास जैन ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने बहुत ही प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने पहले घर के पिछले हिस्से में लगे सीसीटीवी कैमरे को दीवार की तरफ मोड़ दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद उन्होंने कटर से खिड़की में लगी लोहे की ग्रिल को काटा और घर के अंदर दाखिल हो गए। जिसके बाद वह सीधे उस कमरे में पहुंच गए जहाँ विकास जैन की पत्नी और बेटी सो रही थीं। बदमाशों ने महिला और उसकी मासूम बेटी को तेजधार हथियार दिखाकर सभी गहने उतरने के लिए कहा और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार चोर 5 हीरे की अंगूठियां, 4 जोड़े हीरे के इयररिंग्स, 1 सोने का मंगलसूत्र और 3 सोने की चेन और कुछ कैश लेकर वहां से फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि जाते-जाते बदमाश कर्नल साहब के सेना से मिले मेडल और गोल्ड-प्लेटेड सजावटी सामान भी उठा ले गए। बदमाश जाते- जाते परिवार के फ़ोन साथ ले गए और उन्हें पुलिस को सूचना न देने की बात कहकर डराते धमकाते हुए चले गए। हालांकि तीनों के मोबाइल बाद में घर की पिछली बालकनी में ही फेंके हुए मिल गए। जिसके बाद चोरी की सूचना परिवार ने पुलिस को सूचना दी।
वहीं वारदात की सूचना पाकर पालम विहार थाना पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और डकैती की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान हो सके।