दोआबा न्यूज़लाइन
फिरोजपुर: पंजाब के फिरोजपुर में शनिवार सुबह एक बड़ा भयानक सड़क हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग में जंगा वाला मोड़ के पास शनिवार सुबह सवारियों से भरी एक पिकअप और ट्राले की आमने- सामने से जबरदस्त टक्कर हो गई है। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग गंभीर घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पिकअप गाड़ी में दुर्घटना के समय करीब 25 लोग सवार थे और वे जलालाबाद से ब्यास डेरा अपने किसी मृतक परिजन की अस्थियां विसर्जित करने जा रहे थे। लेकिन रास्ते में सामने से आ रहे ट्राले के साथ उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कल लगते ही पिकअप सवार लोग एक दूसरे पर गिरे, जबकि उसके ऊपर टूल बॉक्स में बैठे 5 लोग उछलकर ट्राले का शीशा तोड़कर उसके अंदर जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों में एक 13 साल की बच्ची भी शामिल है। सड़क हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। जिसके बाद आसपास के लोग, राहगीर घटनास्थल की ओर भागे और बचाव कार्य शुरू किया।
वहीं हादसे की सूचना पाकर एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए फिरोजपुर भेज दिया हैं। पुलिस के अनुसार घायलों को फिरोजपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहीं गंभीर रूप से घायलों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर रोड के साइड में करवाकर सड़क पर लगा जाम हटवाकर यातायात को सुचारु रूप से शुरू करवाया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।