दोआबा न्यूज़लाइन
सभी को 27 नवंबर को चंडीगढ़ पूछताछ के लिए बुलाया
मोगा: पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धर्मकोट से AAP विधायक देविंदरजीत सिंह लाडी ढोस को समन भेजा है। समन में विधायक ढोस को 27 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। इसके साथ ही ED ने मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और उनके पति को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।
समन के मुताबिक अमनदीप कौर अरोड़ा को 26 नवंबर को और उनके पति राकेश अरोड़ा को 25 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित ED कार्यालय में पूछताछ के लिए तलब किया गया है। बता दें कि मोगा से विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के घर पर ED की टीम ने पर छापेमारी की कार्रवाई की थी। बताया जा रहा है कि इस मामले में ED ने अलग-अलग तारीखों पर पूछताछ के लिए लगभग एक दर्जन लोगों को समन जारी किया है। जिनमें कई सेवानिवृत्त अधिकारी भी शामिल हैं। सूत्रों का कहना है कि सरकारी जमीनों से जुड़े किसी मामले में प्रवर्तन निदेशालय उनसे पूछताछ करना चाहता है। इससे पहले ईडी ने विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को जमीन घोटाले के मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा था।
ED सूत्रों के मुताबिक एजेंसी ने उनसे जांच के दायरे में चल रही संपत्तियों से जुड़े अतिरिक्त विवरण और दस्तावेज मांगे हैं और पेशी के दौरान संबंधित रिकॉर्ड साथ लाने को कहा। ये मामला 7 सरकारी जमीनों के फर्जी तरीके से अधिग्रहण और गलत तरीके से मुआवजा बांटने से जुड़ा है। आरोप है कि इन जमीनों को धोखाधड़ी से अपने नाम करवाया गया और सरकारी मुआवजे का गलत वितरण किया गया।