जालंधर पहुंचे CM भगवंत मान, धुस्सी बांध सड़क प्रोजेक्ट का किया शिलान्यास

दोआबा न्यूज़लाइन

इससे हजारों लोगों का सफर आसान होगा-संत बलबीर सिंह सींचेवाल

जालंधर/शाहकोट: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज शाहकोट विधानसभा क्षेत्र में 61.82 करोड़ रुपये की लागत से शाहकोट-मोगा-रामपुर रोड से गिद्दड़पिंडी धुस्सी डैम तक लिंक रोड का नींव पत्थर रखा। 37.93 km लंबे इस प्रोजेक्ट का मकसद शाहकोट-लोहियां इलाके में बाढ़ से बचाव के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना, कनेक्टिविटी में सुधार करना और आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है।मुख्यमंत्री के दौरे के चलते सतलुज नदी के पूरे किनारे पर पुलिस तैनाक रही। मुख्यमंत्री ने कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क का शिलान्यास किया।

लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सतलुज नदी के किनारे बनने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क की कुल लंबाई 37.93 km होगी। हमारी सरकार ने इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के लिए 61.82 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। शाहकोट और लोहियां इलाकों में रहने वाले लोग दशकों से लगातार बाढ़ के खतरे में जी रहे हैं। पिछली सरकारों ने चुनावों के दौरान बड़े-बड़े वादे किए थे लेकिन इस ग्रामीण इलाके की इंफ्रास्ट्रक्चर जरूरतों को हमेशा नजरअंदाज किया।

मुख्यमंत्री ने कहा आगे कहा कि हम झूठे वादे करने में नहीं, बल्कि नतीजे देने में यकीन रखते हैं। मैंने खुद देखा है कि इस इलाके के लोगों को बारिश के मौसम में जब गांवों से कनेक्टिविटी कट जाती थी, तो उन्हें कितनी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। धुस्सी डैम पर इस सड़क के बनने से सतलुज नदी के किनारे का बांध और मजबूत होगा और यह स्थानीय लोगों के लिए बाढ़ के खतरों से एक मजबूत ढाल का काम करेगा।

उन्होंने आगे कहा कि यह सड़क इलाके के करीब 15 गांवों में रहने वाले करीब 15-16 हजार लोगों को उनके रोज़ाना के आने-जाने में बहुत आसानी देगी। यह शाहकोट-मोगा रोड को लोहियां-मक्खू रोड से जोड़ेगी और एक असरदार बाईपास का काम करेगी, जिससे मौजूदा रास्ते पर ट्रैफिक की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी। यह सड़क मानसून के मौसम में किसानों, स्कूल बसों और आम लोगों के लिए आसान और बिना रुकावट आने-जाने को पक्का करेगी।

वहीं सीएम मान ने अपनी सरकार के दूसरे जन-हितैषी और डेवलपमेंट वाले कामों का ज़िक्र करते हुए कहा कि यह मेरे लिए बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि आप सरकार ने युवाओं को 67,000 से ज़्यादा सरकारी नौकरियां दी हैं। पंजाब में सिफ़ारिशों और पैसे के लेन-देन का ज़माना खत्म हो गया है और अब युवाओं को सिर्फ़ मेरिट और क्वालिफ़िकेशन के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि सरकारी नौकरियां पूरी तरह से मेरिट के आधार पर एलिजिबल कैंडिडेट्स को दी जा रही हैं, जिसकी वजह से एक भी अपॉइंटमेंट को कोर्ट में चैलेंज नहीं किया गया है।

वहीं मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंजाब सरकार अब लोगों के लिए काम कर रही है और उसने 19 टोल प्लाजा बंद कर दिए हैं, जिससे लोगों को रोज़ाना 70 लाख रुपये की बचत हो रही है। राज्य सरकार सरकारी खजाने का एक-एक पैसा पंजाब के लोगों की भलाई के लिए समझदारी से इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आगे यह भी कहा कि पंजाब में 90 प्रतिशत से ज़्यादा घरों को मुफ़्त बिजली मिल रही है और आज किसानों को भी दिन में बिजली मिल रही है, जो पहले कभी नहीं हुआ। ऐसे समय में जब केंद्र सरकार देश की संपत्ति अपने दोस्तों को कौड़ियों के भाव दे रही है।

इस मौके पर राज्यसभा सदस्य संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

Related posts

सेंट सोल्जर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के विद्यार्थियों ने यूनिवर्सिटी रिजल्ट में चमकाया परचम

माता वैष्णों देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी, पंजाब रोडवेज ने जालंधर-लुधियाना से शुरू की वेल्वो बस सेवा

जालंधर को मिला नया निगम कमिश्नर, IAS अधिकारी निकास कुमार ने संभाला कार्यभार