दोआबा न्यूज़लाइन
अमृतसर: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी करवाई करते हुए अवैध हथियारों और नशे की सप्लाई से संबंधित 3 नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 12 अवैध पिस्तौल, 2 हैंड ग्रेनेड, 310.10 ग्राम हेरोइन और 33 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई की जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में अपने एक्स पर शेयर कर दी है।
DGP गौरव यादव के मुताबिक पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों और गैंगस्टरों के संपर्क में थे। उनके अनुसार ये विदेशी हैंडलर ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप भारत भेजते थे। इसके बाद आरोपियों के माध्यम से इन्हें आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था।
आगे की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इन हथियारों का इस्तेमाल लोगों को डराने और रंगदारी के लिए करते थे। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इन वारदातों में कौन-कौन लोग शामिल थे और हथियारों की सप्लाई कहां से की जा रही थी।
वहीं इस मामले में अमृतसर के थाना रणजीत एवेन्यू, थाना छेहरटा और थाना सुल्तानविंड में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है। अमृतसर पुलिस अब हथियारों और नशे की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क की अगली और पिछली कड़ियों का पता लगा रही है।