दोआबा न्यूज़लाइन
फिरोजपुर: भारतीय रेलवे द्वारा संचालित “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के अंतर्गत फिरोजपुर मंडल में रेलवे स्टेशनों पर अकेले, भटके हुए अथवा अपने परिजनों से बिछड़े बच्चों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए समय-समय पर विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। स्टेशन परिसर में ऐसे बच्चों की पहचान कर रेलवे सुरक्षा बल एवं स्टेशन स्टाफ द्वारा तत्परता से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है तथा उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाता है। इसी क्रम में, फिरोजपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल द्वारा जनवरी से जुलाई 2026 तक “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत 65 बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंपा गया।
फिरोजपुर मंडल द्वारा यात्रियों से अपील की जाती है कि यदि उन्हें रेलवे स्टेशन पर कोई अकेला, भटका हुआ या अपने परिजनों से बिछड़ा बच्चा दिखाई दे, तो तुरंत रेलवे सुरक्षा बल अथवा स्टेशन स्टाफ को सूचित करें। यात्री रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर भी संपर्क कर सकते हैं। आपकी एक छोटी-सी सूचना किसी बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।