उपराष्ट्रपति ने नई दिल्ली स्थित होली फैमिली अस्‍पताल के नए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का किया उद्घाटन

दोआबा न्यूज़लाइन

स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल संस्थानों को चिकित्‍सा उत्‍कृष्‍टता के साथ करूणा और किफ़ायती उपचार को जोड़ना चाहिए : उपराष्ट्रपति

स्‍वस्‍थ भारत ही विकसित भारत@2047 का आधार है : उपराष्ट्रपति

नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज नई दिल्ली के ओखला स्थित होली फैमिली अस्पताल के नए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर होली फैमिली अस्पताल स्मारिका 2026 भी जारी किया तथा नए ब्लॉक के निर्माण से जुड़े व्यक्तियों को सम्मानित किया।

वहीं अस्पताल की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि इसकी आधारशिला वर्ष 1953 में तत्कालीन उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने रखी थी। उन्होंने कहा कि इस विरासत की निरंतरता इस बात को दर्शाती है कि नेक उद्देश्यों के साथ स्थापित संस्थान किस प्रकार पीढी-दर-पीढ़ी समाज की सेवा करते रहते हैं। जाति, पंथ, धर्म अथवा आर्थिक स्थिति के भेदभाव के बिना स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रति अस्पताल की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि भारत की सभ्यतागत परम्‍परा का दर्शन आपसी सम्मान और प्रत्येक व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता पर आधारित है। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्यों और निःस्वार्थ सेवा सदैव प्रोत्साहित किया जाना चाहिए और उनकी सराहना की जानी चाहिए।

कैंसर से मुकाबला करने में सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित करते हुए उपराष्ट्रपति ने देशभर के कैंसर उपचार संस्थानों को एक साझा मंच पर लाने का आह्वान किया, ताकि वे अनुसंधान, ज्ञान और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान कर सकें। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि चिकित्सा अनुसंधान और नवाचार के लाभ समस्‍त मानवता तक पहुंचना चाहिए तथा उन्‍हें कुछ देशों अथवा सम्‍पन्‍न वर्गों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने इस प्रकार के सहयोग को मजबूत करने के लिए पहल करने की अपनी तत्परता भी व्यक्त की।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि नए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक से विशिष्‍ट स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी सुविधाओं की सफलता अंततः इस बात पर निर्भर करेगी कि वे उन्नत चिकित्सा उपचार के साथ किफायती सेवाओं, करूणा और मानवीय संवेदनशीलता का कितना बेहतर समन्‍वय कर पाती हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए उपराष्ट्रपति ने भारत के स्वास्थ्य सेवा संबंधी बुनियादी ढांचे के विस्तार पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जैसी पहलों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अस्पताल में भर्ती होने के उपचार संबंधी खर्च का बोझ कम करने में मदद मिली है। उन्होंने पिछले एक दशक के दौरान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थानों (एम्स), मेडिकल कॉलेजों तथा एमबीबीएस और स्नातकोत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रमों की सीटों में हुई उल्लेखनीय वृद्धि का जिक्र किया। इससे देशभर के लोगों के लिए विशिष्‍ट स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा की उपलब्‍धता बढ़ी है।

उपराष्‍ट्रपति ने जोर देकर कहा कि विकसित भारत@2047 के संकल्प में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि विकास का लाभ गांवों और छोटे शहरों सहित प्रत्येक नागरिक तक पहुंचें। साथ ही, उन्‍होंने यह भी कहा कि भारत की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को मजबूत बनाने में धर्मार्थ अस्पतालों और स्वैच्छिक संगठनों की महत्वपूर्ण भागीदारी है।

इस बात पर बल देते हुए कि केवल बुनियादी ढांचा और उन्‍नत उपकरण ही किसी अस्पताल की क्षमता निर्धारित नहीं करते, श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि अस्पताल की वास्तविक ताकत वहां कार्यरत स्‍वास्‍थ्‍य सेवा पेशेवरों के समर्पण, विशेषज्ञता और मानवीय संवेदनशीलता में निहित होती है। उन्होंने कहा कि एक विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए स्वस्थ समाज अनिवार्य है और इसके लिए सतत एवं समावेशी विकास की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।

इस अवसर पर भारत स्थित अपोस्टोलिक नन्‍सिएचर के प्रभारी राजदूत रेवरेन्ड एंड्रिया फ्रांसिया; नई दिल्ली होली फैमिली हॉस्पिटल सोसाइटी के अध्यक्ष रेवरेन्ड आर्चबिशप अनिल जे. टी. काउटो; दिल्ली महाधर्मप्रांत के सहायक बिशप रेवरेन्ड दीपक वैलेरियन टॉरो; होली फैमिली अस्पताल के निदेशक फादर जॉर्ज पी. ए. सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related posts

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होम्योपैथी पर आयोजित राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में हुईं शामिल

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें अर्पित की पुष्पांजलि

PM मोदी 19 नवंबर को फिक्की की वार्षिक महासभा और वार्षिक सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन