सांसद अमृतपाल के समर्थकों का चंडीगढ़ में हल्ला बोल, CM आवास के लिए किया कूच

दोआबा न्यूज़लाइन

अमृतपाल सिंह और अन्य बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर पहुंचे चंडीगढ़

चंडीगढ़: वारिस पंजाब दे के प्रमुख और पंजाब के सांसद अमृतपाल सिंह के समर्थकों ने आज चंडीगढ़ में हल्ला बोल दिया। मिली जानकारी के अनुसार सांसद अमृतपाल सिंह और अन्य बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर आज अमृतपाल के समर्थकों ने चंडीगढ़ में प्रदर्शन करना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान चंडीगढ़ पुलिस ने विभिन्न इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए थे। इस दौरान बाद में अमृतपाल के पिता तरसेम सिंह और विधायक मनप्रीत सिंह ने मुख्यमंत्री के ओएसडी को ज्ञापन दिया।

मिली जानकारी के अनुसार जब प्रदर्शनकारियों ने चंडीगढ़ में प्रवेश करने की कोशिश की तो पुलिस द्वारा उनको रोकने के लिए चंडीगढ़ बाॅर्डर पर बेरिकेडिंग कर दी। लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ दिए और आगे बढ़े। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया तो प्रदर्शनकारियों ने वाटर कैनन का मुंह दूसरी तरफ मोड़ दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी जब चंडीगढ़ के सेक्टर 2 में CM भगवंत मान के सरकारी घर के घेराव के लिए आगे बढ़े। प्रदर्शनकारी वारिस पंजाब दे के नेता अमृतपाल सिंह और अन्य बंदी सिखों की रिहाई की मांग कर रहे हैं।

वहीं प्रदर्शनकारियों को सीएम हाउस तक पहुंचने से रोकने लिए सीएम आवास के कुछ दूरी पर एक बैरिकेडिंग कर दी गई है। आईजी और एसएसपी मौके पर तैनात हैं। इसके अलावा सीएम सिक्योरिटी ने भी मौके पर मोर्चा संभाला हुआ है। रिजर्व से भी जवान मंगवाए गए हैं। किसी को भी आगे नहीं जाने नहीं दिया जा रहा है। सांसद अमृतपाल के पिता तरसेम सिंह भी चंडीगढ़ पहुंचे हुए हैं। उन्होंने कहा पंजाब की जनता ने अमृतपाल को सांसद बनाया है। हम उनकी और बंदी सिंहों की रिहाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा अमृतपाल पंथ और पंजाब की आवाज हैं उन्हें संसद में लाना चाहिए। हम जुर्म के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।

वहीं इस प्रदर्शन को देखते हुए बुधवार सुबह से ही चंडीगढ़ पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार सुबह से मोहाली बॉर्डर (बुड़ैल जेल के पीछे) से सेक्टर-50/51 चौक और वहां से सेक्टर-44/45 लाइट प्वाइंट तक सरोवर पथ पर वाहनों की आवाजाही थोड़ी डायवर्ट और प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा सेक्टर-43/44/51/52 चौक (ISBT चौक) से सेक्टर-44/45 चौक (गौशाला चौक) होते हुए सेक्टर-45/46-49/50 चौक तक विकास मार्ग पर भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। सेक्टर-43/44 और सेक्टर-45/46 लाइट प्वाइंट पर भी यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। वहीं चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने प्रदर्शन के चलते अंतरराज्यीय बसों को सेक्टर-43 आईएसबीटी पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

Related posts

फिरोजपुर मंडल के अमृतसर से बांद्रा पहुंचा 3.9 टन आलू बुखारा, व्यापारियों को मिला बड़ा बाजार

कॉमेडियन कपिल शर्मा कैफे फायरिंग मामले में पंजाबी छात्र गिरफ्तार, कनाडा से होगा डिपोर्ट

CIA स्टाफ जालंधर ग्रामीण की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 125 ग्राम हेरोइन सहित 1 नशा तस्कर गिरफ्तार