राज्यसभा सांसद संत सींचेवाल ने लौटाई सुरक्षा, DGP को लिखा पत्र  

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर: राज्यसभा सांसद और समाज सेवक संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने अपनी पुलिस सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि संत सींचेवाल ने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को यहां से हटाकर थानों में तैनात करने की मांग की है। 

DGP को लिखा पत्र

इसके साथ ही उन्होंने सुझाव दिया है कि इन पुलिसकर्मियों को लोहियां खास और सुल्तानपुर लोधी के थानों में तैनात किया जाए, ताकि आम लोगों की सुरक्षा मजबूत हो सके। सींचेवाल ने 27 जुलाई को DGP गौरव यादव को पत्र लिखा। पत्र में उन्होंने कहा कि जालंधर के लोहियां क्षेत्र और सुल्तानपुर लोधी में पवित्र वेई के आसपास चोरी, लूट और नशे से जुड़ी अनगिनत घटनाएं चिंता का विषय है। सीचेवाल ने क्षेत्र की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अपने गांव में एक ही रात में चोरी की 8 घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें चोर बिजली के तार तक चोरी कर ले गए। इसके अलावा सुल्तानपुर लोधी में धार्मिक स्थलों पर भी अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं।

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे हालात में पुलिसकर्मियों की ज्यादा जरूरत पुलिस थानों और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए ज्यादा है, न कि उनकी निजी सुरक्षा के लिए। सांसद ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका मानना है कि आम लोगों की सुरक्षा उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा से अधिक महत्वपूर्ण है। उनका कहना है कि अगर पंजाब की जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हो, तो उनके साथ 6 सुरक्षाकर्मियों की सिक्योरिटी का कोई मतलब नहीं है।

उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है और उन्होंने पहले भी सुरक्षा हटाने का अनुरोध किया था। उनका कहना है कि उन्हें किसी तरह का निजी खतरा नहीं है। इसके बावजूद उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी। अब उन्होंने स्वेच्छा से यह सुरक्षा वापस करने की इच्छा जाहिर की है।

संत सीचेवाल ने अपने इस पत्र की प्रतियां पंजाब के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, संबंधित जिलों के डिप्टी कमिश्नरों और जालंधर व कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी भेजी हैं। संत सीचेवाल को लोग इको बाबा के नाम से भी जानते हैं।  

Related posts

जालंधर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पकड़े 2 शूटर, दो अवैध पिस्तौल और 02 जिंदा राउंड बरामद

सांसद अमृतपाल के समर्थकों का चंडीगढ़ में हल्ला बोल, CM आवास के लिए किया कूच

जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को बांटे रेनकोट