राजनीतिक मुकाबला विचारों और जनसेवा से होता है, बोर्ड उतरवाकर किसी की लोकप्रियता कम नहीं की जा सकती : राकेश राठौर

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जालंधर के पूर्व मेयर राकेश राठौर ने गुरुपर्व से पहले शहरभर में लगे उनके बोर्ड उतरवाए जाने की कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार और स्थानीय नेतृत्व पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की लगातार बढ़ती लोकप्रियता और जनता के बीच पार्टी को मिल रहे समर्थन से आम आदमी पार्टी राजनीतिक रूप से हताश और घबराई हुई है। इसी हताशा का परिणाम है कि गुरुपर्व जैसे पवित्र अवसर से ठीक पहले शहर में लगे उनके सभी बोर्ड उतरवा दिए गए।
राठौर ने कहा कि गुरुओं की शिक्षाएं हमें आपसी भाईचारे, सहनशीलता, सेवा और सद्भावना का संदेश देती हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी की राजनीति में विरोधियों के प्रति असहिष्णुता साफ दिखाई दे रही है। गुरुपर्व से पहले इस प्रकार की कार्रवाई करना न केवल राजनीतिक द्वेष को दर्शाता है, बल्कि जनता के बीच गलत संदेश भी देता है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को यह समझ लेना चाहिए कि राजनीति में किसी की आवाज और लोकप्रियता को बोर्ड उतरवाकर नहीं दबाया जा सकता। जनता के दिलों में जगह पोस्टर और होर्डिंग से नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, जनसेवा और जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहने से बनती है। भाजपा का कार्यकर्ता ऐसी कार्रवाइयों से डरने वाला नहीं है।

राठौर ने आगे कहा कि यदि आम आदमी पार्टी को भाजपा की लोकप्रियता से इतनी ही परेशानी है तो उसे राजनीतिक द्वेष की कार्रवाई करने के बजाय अपनी सरकार के कामकाज का हिसाब जनता को देना चाहिए। पंजाब की जनता आज अनेक समस्याओं से जूझ रही है और सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि बोर्ड उतरवाने से न तो भाजपा का जनाधार कम होगा और न ही जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता। आम आदमी पार्टी जितनी ऐसी कार्रवाई करेगी, भाजपा का कार्यकर्ता उतनी ही मजबूती और उत्साह से जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों और कथित नाकामियों को उजागर करेगा।

राठौर ने स्पष्ट कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाती रहेगी और किसी भी प्रकार की राजनीतिक दबाव की रणनीति के सामने झुकने वाली नहीं है।

Related posts

BREAKING : अमलोह में बुधवार को होगी CM की रैली, 1000 खेल मैदानों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे मुख्यमंत्री

Daily Horoscope : वृषभ राशि वाले आज पुराने विवाद समाप्त करने का अच्छा अवसर है, पढ़ें राशिफल…

AAP के इस विधायक ने चुनाव लड़ने से किया इनकार, पढ़ें पूरी खबर