दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: महानगर के मशहूर रैणक बाजार स्थित AC मार्किट में आज भयानक आग लग गई। आग की खबर फैलने के बाद मार्किट में हड़कंप मच गया। दुकानदारों के अनुसार देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में धुआं ही धुआं हो गया। मौके पर मार्केट में मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद मार्किट में मौजूद दुकानदारों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।
वहीं आग की सूचना पाकर तुरंत फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। आग पर फायर ब्रिगेड की करीब 3 से 4 गाड़ियों ने कड़ी मशक्क्त के बाद आग पर काबू पा लिया। धुएं के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण बेसमेंट में पड़ा कूड़ा और वेस्ट कपड़े बताए जा रहे हैं।
वहीं मार्केट के लोगों का कहना है कि यहां बहुत सरे टेलर हैं और वह दुकानों से निकलने वाले बचा हुआ कपडा लंबे समय से बेसमेंट में फेंके जा रहे थे, जिनमें आज चिंगारी भड़कने के बाद आग लग गई। आशंका जताई जा रही है कि बीड़ी या सिगरेट की चिंगारी से आग लगी हो सकती है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि मार्केट की लिफ्ट पिछले 10-12 सालों से बंद पड़ी है और उसी जगह पर वेस्ट कपड़ा जमा किया जाता था।
वहीं लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बेसमेंट में कूड़ा और कपड़े फेंकने पर रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसा हादसा दोबारा न हो।