दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: शहर के हंसराज महिला महाविद्यालय द्वारा शहीद सरदार उधम सिंह जी के बलिदान दिवस पर एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें उनके सर्वोच्च बलिदान, बहादुरी और देशभक्ति को नमन किया गया। यह कार्यक्रम प्रिंसिपल डॉ. एकता खोसला के कुशल मार्गदर्शन में राजनीति विज्ञान विभाग के सहयोग से स्टूडेंट काउंसिल द्वारा आयोजित किया गया था।
प्रिंसिपल डॉ. एकता खोसला ने कहा कि शहीद सरदार उधम सिंह जी का जीवन अटूट साहस, निस्वार्थ देशभक्ति और दृढ़ संकल्प का एक बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने छात्राओं से ईमानदारी, समर्पण और राष्ट्र सेवा के मूल्यों को अपनाने का आग्रह किया और इस बात पर जोर दिया कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के आदशों को बनाए रखने और एक मज़बूत व प्रगतिशील राष्ट के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका है।
वहीं चर्चा सत्र के दौरान अर्शदीप (बी.एससी. बायोटेक्नोलॉजी) और आकांक्षी (बी.ए. सेमेस्टर V) ने स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र-निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। दीया शर्मा (बी.ए. सेमेस्टर V) ने व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व पर जोर दिया, जबकि नूरजोत कौर (बी.एससी. मेडिकल, सेमेस्टर III) ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाकर ज़िम्मेदार नागरिक बनने की बात कही, जिसकी शुरुआत हमारे घरों से होती है। अनंतिका (बी.बी.ए. सेमेस्टर III) ने भ्रष्टाचार के मुद्दे और समाज पर इसके प्रभाव पर प्रकाश डाला।
वहीं तन्वी (बी.ए. सेमेस्टर III) ने स्वतंत्रता सेनानियों और देश के विकास पर अपने विचार रखे। भावना (एम.ए. राजनीति विज्ञान, सेमेस्टर III) ने शहीद सरदार उधम सिंह जी के जीवन, संघर्षों और उनकी विरासत पर भाषण दिया और भारत की आज़ादी की लड़ाई में उनके समर्पण और योगदान पर प्रकाश डाला। इसके बाद बेनिका मनहास (बी.ए. सेमेस्टर V) ने देशभक्ति पर आधारित कविता प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का समापन सिमरनजीत कौर (बी.ए. सेमेस्टर V) द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति आधारित कविता के साथ हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन अर्चित मगोत्रा (बी.ए. सेमेस्टर V) ने किया। इस कार्यक्रम में छात्राओं को हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद करने के लिए प्रेरित किया और उन्हें देशभक्ति, ज़िम्मेदारी और सामाजिक प्रतिबद्धता के मूल्यों को बनाए रखने के साथ-साथ देश की प्रगति में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन डॉ. उर्वशी मिश्रा (डीन, स्टूडेंट काउंसिल) और अलका शर्मा (अध्यक्षा, राजनीति विज्ञान विभाग) ने किया था। इस मौक पर डॉ. जीवन देवी भी मौजूद थीं और उन्होंने छात्राओं को महान शहीदों के जीवन और बलिदानों से प्रेरणा लेते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।