दोआबा न्यूज़लाइन
शिमला: शिमला के लोक भवन में आज गैर-सरकारी संगठन एक्ट ह्यूमेन द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से आयोजित कृत्रिम अंग वितरण शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यतौर पर उपस्थित राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लगभग 15 लाभार्थियों को कृत्रिम अंग प्रदान किए गए, जिससे उन्हें पुनः शारीरिक गतिशीलता प्राप्त होगी और वे अधिक आत्मनिर्भर जीवन जी सकेंगे।
इस दौरान आए विभिन्न आयु वर्ग के लाभार्थी ऊना, कांगड़ा, रोहड़ू, शिमला और सिरमौर जिलों से इस शिविर में पहुंचे थे। कृत्रिम अंगों का वितरण 4 जून को राज्य रेड क्रॉस भवन में एक्ट ह्यूमेन द्वारा आयोजित पंजीकरण एवं मूल्यांकन शिविर के आधार पर किया गया, जिसमें पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन किया गया था।
वहीं लाभार्थियों से संवाद करते हुए राज्यपाल ने उन्हें जीवन की चुनौतियों का साहस और आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कई बार अप्रत्याशित परिस्थितियां और दुर्घटनाएं लोगों से चलने-फिरने या दैनिक कार्य करने की क्षमता छीन लेती हैं, लेकिन इस प्रकार की संवेदनशील पहल न केवल उनकी शारीरिक गतिशीलता लौटाती है, बल्कि उनके आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और जीवन में नई आशा का भी संचार करती है।
राज्यपाल ने एक्ट ह्यूमेन की समर्पित मानवीय सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि संस्था का कार्य समाज के प्रति निस्वार्थ सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने दिव्यांगजनों तक पहुंचकर उन्हें आधुनिक कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराने के लिए संस्था और राज्य रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त प्रयासों की प्रशंसा की।
राज्यपाल ने लोगों से ऐसी कल्याणकारी पहलों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए दिव्यांगजनों से कहा कि वे स्वयं को कभी भी असहाय या किसी से कम न समझें। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में अपार क्षमता और शक्ति होती है। दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और उचित सहयोग के बल पर कोई भी व्यक्ति आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जी सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज को मिलकर दिव्यांगजनों के लिए समान अवसर, सुगम वातावरण और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करना चाहिए।
इससे पूर्व एक्ट ह्यूमन की संस्थापक हरलीन कौर ने राज्यपाल का स्वागत किया और संस्था द्वारा संचालित विभिन्न मानवीय गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक्ट ह्यूमन ने इससे पहले सोलन, कांगड़ा, धर्मशाला और मंडी जिलों में भी कृत्रिम अंग वितरण शिविर आयोजित कर अनेक दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाए है। संस्था केवल सहायक उपकरण ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सा उपचार के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि संस्था ने हिमाचल प्रदेश में दिव्यांगजन-अनुकूल आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए भी कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। सोलन मॉल रोड स्थित चिल्ड्रन्स पार्क को दिव्यांगजन-अनुकूल पार्क में परिवर्तित किया गया है। इसके अतिरिक्त शिमला के रानी झांसी पार्क और ब्रॉकहर्स्ट पार्क को भी सुगम एवं व्हीलचेयर-अनुकूल बनाया गया है, जिससे दिव्यांगजन और व्हीलचेयर उपयोगकर्ता सम्मानपूर्वक एवं सहजता से सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों का आनंद ले सकें।
वहीं इस आयोजन में एक्ट ह्यूमन हिमाचल के प्रबंधक योगेश शर्मा ने भी राज्यपाल को संस्था की प्रदेश में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज भी उपस्थित थे।