दोआबा न्यूज़लाइन
छात्रों ने जीते स्वर्ण, रजत और राष्ट्रीय कांस्य पदक
फगवाड़ा: जीएनए यूनिवर्सिटी के छात्रों ने कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्किल इंडिया मिशन के अंतर्गत आयोजित इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए यूनिवर्सिटी और पंजाब का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। यूनिवर्सिटी के छात्रों ने स्वर्ण, रजत और राष्ट्रीय कांस्य पदक हासिल कर अपनी तकनीकी दक्षता और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वहीं स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग, डिजाइन एंड ऑटोमेशन के छात्रों ने इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता–नॉर्थ ज़ोन में शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में 9 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश के चयनित प्रतिभागियों ने 63 विभिन्न कौशल श्रेणियों में हिस्सा लिया। रोबोट सिस्टम्स इंटीग्रेशन श्रेणी में रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन इंजीनियरिंग के बी.टेक छात्र गोरांश शर्मा और एकमजीत सिंह ने शानदार तकनीकी प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों छात्रों को ₹75,000-₹75,000 की नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई। वहीं, सीएनसी मिलिंग श्रेणी में मैकेनिकल ऑटोमेशन इंजीनियरिंग के बी.टेक छात्र विशेष वर्मा ने रजत पदक हासिल करते हुए ₹50,000 की नकद पुरस्कार राशि प्राप्त की।
पुरस्कार समारोह में भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय तथा शिक्षा मंत्रालय के माननीय राज्य मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय उच्च शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्रालय के माननीय राज्य मंत्री तथा एनएसडीसी के सीईओ सहित कई गणमान्य अतिथि और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जोनल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद गोरांश शर्मा और एकमजीत सिंह ने इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2025-26 के ग्रैंड फिनाले में स्थान बनाया। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ग्रैंड फिनाले में उन्होंने 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए देश के श्रेष्ठ प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा की।
रोबोट सिस्टम्स इंटीग्रेशन श्रेणी में तकनीकी दक्षता, नवाचार और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक हासिल किया। इसके साथ ही दोनों को ₹50,000-₹50,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। यह उपलब्धि जीएनए यूनिवर्सिटी के लिए कौशल विकास और तकनीकी उत्कृष्टता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
छात्रों की इस उपलब्धि पर जीएनए यूनिवर्सिटी के चांसलर गुरदीप सिंह सिहरा ने बधाई देते हुए कहा कि जोनल और राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर छात्रों का प्रदर्शन यूनिवर्सिटी के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि देशभर के श्रेष्ठ प्रतिभागियों के बीच छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन जीएनए यूनिवर्सिटी में प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योग जगत से जुड़े अनुभव को दर्शाता है। उन्होंने छात्रों को यूनिवर्सिटी और पंजाब को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए बधाई दी।
स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग, डिजाइन एंड ऑटोमेशन के डीन एवं यूनिवर्सिटी एसपीओसी फॉर इंडिया स्किल्स डॉ. सी. आर. त्रिपाठी ने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, तकनीकी दक्षता और नवाचार की सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जीएनए यूनिवर्सिटी में व्यावहारिक एवं उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाता है, जिससे विद्यार्थी इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम बनते हैं।
डीन एकेडमिक्स डॉ. मोनिका हंसपाल ने छात्रों और फैकल्टी मेंटर्स को बधाई देते हुए कहा कि ये उपलब्धियां यूनिवर्सिटी के मजबूत शैक्षणिक वातावरण और अनुभवात्मक शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। वहीं, वाइस चांसलर डॉ. हेमंत शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के प्रति जीएनए यूनिवर्सिटी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
जीएनए यूनिवर्सिटी के प्रबंधन, फैकल्टी और स्टाफ ने गोरांश शर्मा, एकमजीत सिंह और विशेष वर्मा को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। छात्रों की यह सफलता कौशल विकास, नवाचार और उद्योग-उन्मुख शिक्षा के क्षेत्र में यूनिवर्सिटी के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है और जीएनए यूनिवर्सिटी के साथ-साथ पूरे पंजाब के लिए गर्व का विषय है।