दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के बाबा कश्मीरा सिंह जन सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित एस.जी.एल. अस्पताल में मंगलवार को निःशुल्क लिवर जांच शिविर का आयोजन किया गया, ताकि लोगों को बिना किसी खर्च के अपने लिवर की जांच कराने का अवसर मिल सके। शिविर का उद्घाटन अस्पताल के वाइस चेयरमैन एवं सीईओ सरदार मनिंदर पाल सिंह रियाड़ ने किया।
उन्होंने कहा कि आज के समय में गलत खान-पान, शराब के सेवन और मोटापे के कारण लिवर संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। अस्पताल की गैस्ट्रो एवं लिवर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिशा सियाल ने बताया कि लिवर की बीमारियों के शुरुआती लक्षण अक्सर तब तक दिखाई नहीं देते, जब तक काफी नुकसान नहीं हो जाता। इसलिए समय-समय पर जांच करवाना बेहद जरूरी है।
शिविर में हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी की जांच निःशुल्क की गई। साथ ही फाइब्रोस्कैन जांच पर विशेष छूट दी गई। जिन लोगों ने फाइब्रोस्कैन करवाया, उन्हें लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी) भी निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। जिन मरीजों के लिवर में किसी प्रकार की समस्या पाई गई, उन्हें विस्तृत परामर्श दिया गया तथा उनके कुछ एडवांस परीक्षण भी किए गए, जो पंजाब में पहली बार उपलब्ध कराए गए हैं। निःशुल्क शिविर का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि लोगों में स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता और रुचि लगातार बढ़ रही है।
इस अवसर पर सरदार मनिंदर पाल सिंह रियाड़ ने कहा कि वर्तमान समय में लिवर संबंधी बीमारियां एक “साइलेंट एपिडेमिक” का रूप लेती जा रही हैं। ऐसे में एस.जी.एल. अस्पताल का प्रयास केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को समय रहते जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं और बीमारी का समय पर पता चलने से उसका उपचार भी आसानी से संभव हो जाता है।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी एस.जी.एल. अस्पताल इसी तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग समय रहते अपनी सेहत की जांच कराकर गंभीर बीमारियों से बच सकें।