दोआबा न्यूज़लाइन
फिरोजपुर: मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल ने अगस्त 2026 के दौरान शानदार माल लोडिंग करते हुए ₹124.72 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जो प्रधान कार्यालय द्वारा निर्धारित लक्ष्य से लगभग 28 प्रतिशत अधिक है। इसमें खाद्यान्न लोडिंग से ₹108.79 करोड़ तथा पीसमील लोडिंग से ₹0.25 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। साथ ही, कंटेनर डिपो ढंडारी कलां से दादरी के लिए कन्कोर के एक्सपोर्ट कंटेनर रेक की पहली सफल लोडिंग की गई।
इस पहल से प्रति माह 2 अतिरिक्त कंटेनर रेक का यातायात मिलेगा तथा प्रत्येक शनिवार साप्ताहिक सेवा के माध्यम से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट, मुंद्रा कंटेनर टर्मिनल और पिपावाव पोर्ट तक निर्यात माल की तेज एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित होगी।
फिरोजपुर मंडल ने अगस्त माह में लोडिंग के क्षेत्र में कई नई उपलब्धियां हासिल कीं। साहनेवाल से अनंतनाग के लिए पहली बार एफ.एम.सी.जी. तथा नवांशहर दोआबा से अनंतनाग के लिए कैटल फीड का पीसमील वैगन सफलतापूर्वक रवाना किया गया। इसके अतिरिक्त, लुधियाना एवं अमृतसर स्टेशनों पर पार्सल पार्किंग एवं स्टैकिंग सुविधाओं का आवंटन तथा ट्रेन संख्या 14624 में एस.एल.आर. लीजिंग अनुबंध सफलतापूर्वक अलॉट किया गया, जिससे यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी।
वहीं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल द्वारा माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए नए वस्तु एवं नए माल ग्राहकों की पहचान, बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के माध्यम से व्यापारियों से निरंतर संपर्क तथा तेज और इको-फ्रेंडली माल परिवहन सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
ये पहल माल ढुलाई सुविधाओं का विस्तार करने, लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और कार्गो की कुशल आवाजाही सुनिश्चित कर ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने के मंडल के निरंतर प्रयासों को दर्शाती हैं।