दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के मिठापुर इलाके में बीती रात एक दिल को झंझोड़ कर रखने वाली घटना हुई। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात मिठापुर इलाके में घोड़े वाली कोठी के पास अपने घर के बाहर खेल रही एक डेढ़ साल की बच्ची की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक बची की मां का आरोप है कि कार ड्राइवर नशे में था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद से बच्ची के परिवार का रो- रो कर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच का रहने वाला है और जालंधर में किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति कार लेकर वहां पहुंचा। लड़की की माँ का आरोप है कि कार चालक ने बिना हॉर्न बजाए बच्ची को कुचल दिया। बच्ची की मां ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे की हालत में था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद तुरंत परिवार बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।