दोआबा न्यूज़लाइन
चंडीगढ़: रक्षाबंधन के मौके पर आज चंडीगढ़ के सेक्टर-40 बी स्थित श्री हनुमंत धाम में भक्ति और परम्परा का एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। बताया जा रहा है कि श्री हनुमंत धाम में आज कमेटी की महिलाओं ने रक्षाबंधन के खास मौके पर 32 फीट ऊंची वीर हनुमान जी की प्रतिमा को अपने हाथों से तैयार की 12¼ फीट से अधिक लंबी विशेष राखी पहनाई।
बताया जा रहा है कि हनुमान जी को पहनाई गई यह राखी पर्यावरण अनुकूल सामग्री से तैयार की गई थी। वहीं राखी पहनाने के बाद महिलाओं ने भगवान हनुमान की महिमा का गुणगान किया। इस मौके पर बोलते हुए श्री हनुमंत धाम की प्रधान नीना तिवारी ने बताया कि वीर हनुमान जी को भाई मानते हुए सभी बहनों की ओर से हर साल विशेष राखी बनाई जाती है। हर साल की तरह इस साल भी महिलाओं ने मिल-जुलकर 12¼ फीट से अधिक लंबी राखी तैयार की है जो आज रक्षाबंधन के मौके पर हनुमान जी को पहनाई गई।
नीना तिवारी ने आगे बताया कि यह राखी श्री हनुमंत धाम से जुड़ी बहनों ने 10 दिनों में तैयार की है। इस राखी के सभी हिस्से अलग-अलग महिलाओं ने तैयार किए हैं, जिन्हें बाद में जोड़कर अंतिम रूप दिया गया है। राखी बनाने के लिए गत्ते, थर्माकोल, गोटा-किनारी, कागज और शीशे का इस्तेमाल किया गया है। महिलाओं ने बताया कि राखी तैयार करते समय पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा गया है इसलिए राखी को बनाने में पर्यावरण अनुकूल सामग्री का ही इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने आगे यह भी कहा कि हनुमान जी शक्ति, साहस और सुरक्षा के प्रतीक हैं। इसी आस्था के साथ बहनें उन्हें राखी बांधकर देशवासियों की सुरक्षा, सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना करती हैं।