मानव सहयोग सोसाइटी द्वारा गाँव नौली में लगाया गया 5वां आँखों का फ्री जांच व ऑपरेशन कैंप

दोआबा न्यूज़लाइन

कैंप में 350 मरीजों का किया गया फ्री चेकअप, 75 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चुना गया

जालंधर: जालंधर शहर की प्रतिष्ठित एनजीओ मानव सहयोग सोसाइटी को मानवता की सेवा करते 53 वर्ष हो चुके हैं। संस्था द्वारा शहर के भिन्न-भिन्न स्थानों पर स्थित चार डिस्पेंसरियों का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है, जहां लोगों को उत्तम एवं आधुनिक चिकित्सिक सेवाएँ बहुत ही कम दामों में उपलब्ध करवाई जाती हैं। इसके अतिरिक्त यहाँ अन्य सुविधाएँ जैसे योग्य एवं अनुभवी डॉक्टरों द्वारा मरीजों की जाँच, लैब टेस्ट, आँखों की जाँच, दाँतों का इलाज, फिजियोथेरेपी तथा जच्चा-बच्चा देखभाल व हेल्थ प्लान भी वाजिब दामों पर किए जाते हैं।

चिकित्सा के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी मानव सहयोग सोसाइटी का योगदान अतुलनीय है। जिन बच्चों के माता-पिता उन्हें प्राथमिक शिक्षा देने में भी असमर्थ हैं, ऐसे बच्चों को शिक्षित करने हेतु शहर के भिन्न-भिन्न भागों में साक्षरता कक्षाएँ चला कर उन्हें प्राथमिक शिक्षा प्रदान की जाती है। यहाँ इन ही बच्चों को सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों में दाखिल करवाया जाता है। शिक्षा ग्रहण करने में मदद की जाती है। इन बच्चों की आगे की शिक्षा का भी सारा खर्च सोसाइटी द्वारा ही उठाया जाता है।

युवा वर्ग को आत्मनिर्भर बनाने हेतु एक वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर भी चलाया जा रहा है। यहाँ युवाओं को कंप्यूटर, सिलाई कढ़ाई व ब्यूटीशियन की भी फ्री ट्रेनिंग दी जाती है ताकि वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें। बच्चों व युवाओं के साथ हमारे बुजुर्गों हेतु भी संस्था द्वारा ‘जियो जिंदगी’ नामक सेंटर चलाया जा रहा है जहाँ हमारे वरिष्ठ नागरिक अपने हमउम्र साथियों के साथ मिलजुलकर योगा, कैरम, तंबोला आदि खेलकर अपना समय व्यतीत करते हैं।

मानव सहयोग सोसाइटी स. वतन सिंह, स. प्रताप सिंह मेमोरियल हेल्थ केयर सेंटर द्वारा स. अमरीक सिंह रंधावा को-फाउंडर रंधावा फाउंडेशन यूएसए के सहयोग से आँखों का फ्री चेकअप व ऑपरेशन कैंप 1 नवंबर दिन रविवार को गाँव नौली में लगाया गया था। इस कैंप में 350 मरीजों का फ्री चेकअप किया गया और 75 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चुना गया। चुने गए मरीजों के ऑपरेशन फ्री किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जनरल फिजीशियन डॉक्टर रमन सहोता द्वारा मरीजों का चेकअप किया गया। सभी मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी बांटी गई। यह कैंप प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक लगाया गया था।

वहीं मुख्य अतिथि स. अमरीक सिंह रंधावा (U.S.A) ने इस कैंप का उद्घाटन किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी मानव सहयोग सोसाइटी के साथ मिलकर इस तरह के आयोजन किए जाएंगे। इस अवसर पर सोसाइटी के प्रधान डॉक्टर एस. के. शर्मा ने सोसाइटी द्वारा किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। संस्था के महासचिव विनेश जैन ने सोसाइटी की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी और मुख्य अतिथि स. अमरीक सिंह रंधावा व उनके परिवार का धन्यवाद किया।

Related posts

महानगर में सजने वाली पटाखा मार्केट के लिए निकाले गए ड्रा, 20 कारोबारियों को मिला मौका

DAVIET ने प्रशिक्षण से डाक अधिकारियों को व्यावसायिक एवं विपणन कौशल में बनाया दक्ष

Daily Horoscope : कर्क राशि वाले आज काम में जल्दबाजी करने से बचें, अन्य पढ़ें राशिफल…