जालंधर में मेयर की सख्ती: कूड़े की आड़ में मलबा ले जा रहा ट्रक पकड़ा, ठेकेदार पर फिर कार्रवाई के निर्देश

जालंधर में नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर आज सुबह एक बड़ा खुलासा हुआ, जब मेयर बनीत तीर ने डंपिंग साइट पर औचक निरीक्षण के दौरान एक ट्रक को पकड़ा। शुरुआती तौर पर ट्रक में ऊपर से कूड़ा दिखाई दे रहा था, लेकिन मेयर को शक होने पर जब ट्रक को खाली करवाया गया, तो नीचे भारी मात्रा में निर्माण मलबा भरा हुआ मिला।

जांच में सामने आया कि ट्रक में जानबूझकर नीचे मलबा और ऊपर कूड़ा डाला गया था। दरअसल, कूड़ा उठाने और डंप करने का भुगतान वजन (टन) के आधार पर किया जाता है, और मलबा कूड़े की तुलना में अधिक भारी होता है। ऐसे में ठेकेदार द्वारा अधिक भुगतान हासिल करने के लिए इस तरह की हेराफेरी की जा रही थी।

सूत्रों के अनुसार, संबंधित ठेकेदार पर यह पहली बार कार्रवाई नहीं है। इससे पहले भी उसे दो बार पकड़ा जा चुका है और हर बार उस पर दो-दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी जारी रहने से निगम की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

मेयर बनीत धीर ने मौके पर ही नगर निगम कमिश्नर को सख्त निर्देश दिए कि ठेकेदार के खिलाफ दोबारा कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे।

इस कार्रवाई के बाद निगम अधिकारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं शहरवासियों ने मेयर की इस सख्ती की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे सफाई व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार आएगा।

l

Related posts

मानव सहयोग सोसायटी द्वारा 27 सितम्बर को लगाया जाएगा 24वां आंखों का मुफ्त जांच एवं ऑपरेशन कैंप

HMV कॉलेज की एम.एस.सी. मैथेमेटिक्स की छात्रा ने GNDU मेरिट लिस्ट में किया टॉप

डोली सैनी बनीं जालंधर सेंट्रल महिला कांग्रेस की प्रधान