जालंधर जिले के 99 वार्डों में शांतिपूर्वक हुआ मतदान, DC ने की चुनाव कर्मियों की सराहना

दोआबा न्यूज़लाइन

DC ने मतदाताओं का जताया आभार

कहा- 29 मई को होगी वोटों की गिनती, सभी प्रबंध पूरे

जालंधर : जिला जालंधर की 5 नगर कौंसिलों और 2 नगर पंचायतों के कुल 99 वार्डों के लिए बीते दिन शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। मतदान के लिए कुल 133 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। शांतिपूर्वक मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने पर डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी जालंधर वरजीत वालिया ने चुनाव कर्मियों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि चुनाव स्टाफ द्वारा मेहनत और तनदेही से निभाई गई ड्यूटी के कारण जिले में पारदर्शी और निष्पक्ष मतदान पूरा हुआ।मतदाताओं का धन्यवाद व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जिले के सूझवान मतदाताओं के कारण मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।डीसी वालिया ने आगे बताया कि वोटों की गिनती 29 मई को होगी, जिसके लिए चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं ।

जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि जिले की 5 नगर कौंसिलों और 2 नगर पंचायतों के 99 वार्डों के लिए कुल 341 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होनें बताया कि नगर कौंसिल आदमपुर 13 वार्डों के लिए 44 उम्मीदवार, नगर कौंसिल करतारपुर के 15 वार्डों के लिए 50 उम्मीदवार, नकोदर के 17 वार्डों के लिए 55 उम्मीदवार, नूरमहल के 13 वार्डों के लिए 41 उम्मीदवार, फिल्लौर के 15 वार्डों के लिए 57 उम्मीदवार, नगर पंचायत महितपुर के 13 वार्डों के लिए 47 उम्मीदवार, नगर पंचायत लोहियां खास के 13 वार्डों के लिए 47 उम्मीदवारों के लिए मतदान हुआ।

डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने बताया कि नगर कौंसिल नकोदर में कुल 65.58 प्रतिशत पोलिंग हुई। इसके साथ शाम 5 बजे तक नगर कौंसिल आदमपुर के लिए 64.59 प्रतिशत, करतारपुर 65.02 प्रतिशत, नूरमहल 69.58 प्रतिशत और नगर कौंसिल फिल्लौर के लिए 61.22 प्रतिशत वोटिंग हुई। इसी तरह शाम 5 बजे तक नगर पंचायत महितपुर के लिए 68.97 प्रतिशत और लोहियां खास के लिए 71.72 प्रतिशत मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हुआ।

डीसी ने आगे यह भी कहा कि मतदान प्रक्रिया को उचित ढंग से पूरा करवाने के लिए रिजर्व स्टाफ सहित 800 चुनाव कर्मी तैनात किए गए थे। वहीं एस.एस.पी. जालंधर (देहाती) हरविंदर सिंह विर्क के नेतृत्व में करीब 1200 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात थे।

Related posts

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था ने युवाओं के सपनों को दी नई उड़ान, 67 हजार से अधिक को मिला रोजगार : अश्वनी अग्रवाल

जालंधर के डेरा बल्लां पहुंचे सांसद चन्नी, डेरे के चैरिटेबल अस्पताल को भेंट की आधुनिक एम्बुलेंस

जालंधर विशाल धार्मिक समागम के लिए पूरी तरह तैयार, गायक हंसराज रघुवंशी 13 जून को देंगे प्रस्तुति : मोहिंदर भगत