‘मेरी रसोई’ योजना के तहत हर तीन माह बाद जरूरतमंद परिवारों को उपलब्ध करबाई जा रही पौष्टिक राशन किट

जालंधर : पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत वार्ड 80 के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राशन किट वितरित की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थियों ने योजना का लाभ प्राप्त किया।

वार्ड नंबर 80 के कौंसलर अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘मेरी रसोई’ योजना के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को प्रत्येक तीन माह में नि:शुल्क पौष्टिक राशन किट उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे महंगाई के दौर में गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।


उन्होंने बताया कि राशन किट में 2 किलोग्राम दाल, 2 किलोग्राम चीनी, 1 किलोग्राम नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर तथा 1 लीटर सरसों का तेल शामिल है। यह सामग्री राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत मिलने वाले गेहूं के अतिरिक्त प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उन्हें पोषणयुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी परिवार भोजन जैसी मूलभूत आवश्यकता से वंचित न रहे।

अश्वनी अग्रवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के पात्र परिवारों को भी इन योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंच सके।

राशन किट प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने पंजाब सरकार एवं अश्वनी अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘मेरी रसोई’ योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के ऐसे जनहितकारी प्रयास जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ-साथ उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस मोके डिपो होल्डर जीवन शर्मा भी उपस्थित रहे।

Related posts

जालंधर से बब्बर खालसा इंटरनेशनल का संचालक IED समेत गिरफ्तार

पंजाब भाजपा अध्यक्ष ने दिया जालंधर शहरी नवनियुक्त जिला प्रधान अशोक सरीन हिक्की को आशीर्वाद

इनोसेंट हार्ट्स में हार्ट् माइंड एंड मशीन पर शिक्षा सम्मेलन का आयोजन, 100 से अधिक CBSE स्कूल हुए शामिल