कूड़े के ढेरों ने खोली भगवंत मान सरकार और जालंधर नगर निगम की पोल, भाजपा नेताओं ने अलग-अलग स्थानों पर खड़े होकर जताया जोरदार विरोध
दोआबा न्यूजलाइन
जालंधर: जालंधर शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों और सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति के खिलाफ आज जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने शहर के अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर खड़े होकर पंजाब की भगवंत मान सरकार, जालंधर नगर निगम, मेयर वनीत धीर और कैबिनेट मंत्री महिंद्र भगत के खिलाफ जोरदार विरोध जताया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया और पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने प्लाजा चौक, पंजाब भाजपा उपप्रधान एवं पूर्व मेयर राकेश राठौड़ ने रामामंडी चौक, पूर्व विधायक के.डी. भंडारी ने विकासपुरी, पूर्व विधायक शीतल अंगूराल एवं भाजपा पार्षद दल के नेता मंजीत सिंह टीटू ने बस्ती लाल पहाड़ी के पास तथा पूर्व जिला प्रधान सुशील शर्मा और प्रदेश सचिव अमरजीत सिंह अमरी ने कूड़े के डंप पर खड़े होकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि जालंधर के प्रमुख चौकों, सड़कों, रिहायशी इलाकों, धार्मिक स्थानों और यहां तक कि शहीदों के स्मारकों के सामने कूड़े के ढेर लगना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था की यह दुर्दशा जालंधर नगर निगम और पंजाब सरकार की पूरी तरह विफलता को उजागर करती है।
जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि जालंधर की जनता टैक्स और अन्य रूपों में सरकार को पैसा देती है, लेकिन बदले में उसे गंदगी, बदबू और बीमारी का खतरा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने चुनावों से पहले साफ-सफाई और बेहतर सुविधाओं के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज शहर के चौक और सड़कें कूड़े के डंप में तब्दील हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी कीमत पर जालंधरवासियों को कूड़े के ढेरों से परेशान नहीं होने देगी और जनता के हक की लड़ाई सड़क से लेकर नगर निगम और सरकार के हर मंच तक लड़ी जाएगी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि जालंधर जैसे प्रमुख शहर में सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर सरकार की नाकामी का जीता-जागता प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है, लेकिन पंजाब सरकार और नगर निगम इस जिम्मेदारी से भाग रहे हैं।
पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने कहा कि जनता को नारकीय परिस्थितियों में रहने के लिए मजबूर करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री और नगर निगम के अधिकारी कागजों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त दिखाने के बजाय जमीन पर उतरकर हालात देखें।
राकेश राठौड़ ने कहा कि रामामंडी चौक जैसे व्यस्त इलाके में कूड़े के ढेर शहर की छवि को खराब कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को जनता की परेशानी का जवाब देना होगा।
पूर्व विधायक के.डी. भंडारी ने कहा कि विकासपुरी सहित शहर के अनेक इलाकों में सफाई व्यवस्था चरमरा चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और कूड़े के स्थायी समाधान की व्यवस्था करनी चाहिए।
पूर्व विधायक शीतल अंगूराल ने कहा कि जालंधर की जनता को गंदगी और बीमारी के खतरे के हवाले करके सरकार विकास के झूठे दावे नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के साथ खड़े हैं और इस मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे।
मंजीत सिंह टीटू ने कहा कि बस्ती लाल पहाड़ी सहित कई इलाकों में कूड़े के ढेर लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि निगम को फोटो खिंचवाने के बजाय नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
सुशील शर्मा ने कहा कि शहर में कूड़े का सही ढंग से उठाव और निपटारा न होना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं अमरजीत सिंह अमरी ने कहा कि सरकार को जनता को जवाब देना चाहिए कि सफाई व्यवस्था के नाम पर खर्च होने वाले संसाधनों का जमीनी स्तर पर क्या परिणाम निकल रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकारों ने सफाई कर्मचारियों को रोजगार और सम्मान देने की दिशा में काम किया, जबकि भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में सफाई कर्मचारियों के आंदोलनों को बातचीत से हल करने के बजाय उनके खिलाफ लाठीचार्ज किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। नेताओं ने कहा कि मोगा समेत पंजाब के अलग-अलग शहरों में सफाई कर्मचारियों पर कथित लाठीचार्ज और धक्केशाही लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले कर्मचारियों के अधिकारों का अपमान है। सरकार को कर्मचारियों के साथ बैठकर बातचीत करनी चाहिए, न कि सरकारी तंत्र का इस्तेमाल करके उनकी आवाज दबानी चाहिए।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शहर से कूड़े के ढेर नहीं हटाए गए और सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तथा बारिश के दौरान गंदगी और पानी जमा हुआ तो टायफाइड, मलेरिया और डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति पैदा होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब की भगवंत मान सरकार और जालंधर नगर निगम की होगी।
भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि “जालंधर की जनता को गंदगी के ढेरों में जीने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। सरकार जागे, नगर निगम अपनी जिम्मेदारी निभाए और शहर को कूड़े के डंप से मुक्त करे, अन्यथा भाजपा जनता की आवाज बनकर संघर्ष को और तेज करेगी।” इस मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित जिला महामंत्री राजेश कपूर,क्षितिज ढल, राजीव ढींगरा, अश्विनी ढंड,जगजीत सिंह,राजेश जैन,सनी शर्मा,चंदन रखेजा, मनजीत मिता,मनोज अग्रवाल,भूपेंद्र अनु, हरविंदर सिंह काहलो, मनीष विज, अमित भाटिया,श्याम शर्मा,यजीत हुरिया, वरुण नागपाल,दविंदर कालिया,गुरप्रीत विकी, दविंदर भारद्वाज,तरविंदर सोई,दर्शन भगत,सोनू चौहान,अजय ठाकुर, मनीष बल,आशीष सहगल, वरुण कंबोज,हेमंत खन्ना,अनुज शारदा,हरीश मोहिंद्रू आरके मल्होत्रा पंकज जुल्का सतपाल बठला रिंकू मोदी बाबू अरोड़ा,विशु खन्ना,व अन्य उपस्थित थे