दोआबा न्यूज़लाइन
फिरोजपुर: भारतीय रेल लगातार यात्रियों की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए डिजिटल सेवाओं का विस्तार कर रही है। इसी दिशा में विकसित ‘रेलवन’ ऐप यात्रियों के लिए एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है, जहां रेल यात्रा से जुड़ी अनेक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। अब यात्री रेलवन ऐप के माध्यम से अपने मोबाइल फोन पर ही आरक्षित और अनारक्षित दोनों प्रकार के टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं।
इसके साथ ही यह ऐप ट्रेन पूछताछ, पीएनआर स्टेटस, लाइव ट्रेन रनिंग जानकारी, प्लेटफॉर्म सूचना तथा रेलमदद सेवाओं को भी एकीकृत रूप में उपलब्ध कराता है। फिरोजपुर मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने दिनांक 04.06.2026 को विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों को रेलवन ऐप के उपयोग और इसके लाभों के बारे में जागरूक किया। टिकट जांच के दौरान यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने, डिजिटल टिकटिंग अपनाने तथा इन सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस संबंध में बताते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि ‘रेलवन’ ऐप यात्रियों के लिए एक डिजिटल साथी के रूप में कार्य कर रहा है। इसके माध्यम से यात्रियों को टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों से राहत मिलती है, नकदी एवं छुट्टे पैसों की परेशानी से बचाव होता है तथा डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा मिलने से कागज की खपत कम होकर पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलता है।
उन्होंने बताया कि अनारक्षित टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग पर निर्धारित नियमों के अनुसार 3 प्रतिशत तक की छूट का लाभ भी उपलब्ध है। यात्रियों ने भी रेलवन ऐप की सराहना करते हुए माना कि इस ऐप के माध्यम से यात्रा योजना बनाना अब पहले से कहीं अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है।