दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के किशनपुरा इलाके में एक किरायेदार ने कुछ युवकों के साथ मिलकर अपने ही मकान मालिक के घर में घुसकर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि किराये के पैसों को लेकर मकान मालिक मनी और किराएदार अजय के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मकान मालिक के अनुसार किराएदार पिछले एक साल से किराया नहीं दे रहा था। इसी बात को लेकर रविवार सुबह दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद गुस्से में आकर किराएदार ने कुछ बाहरी युवकों को फोन करके मौके पर बुला लिया और मकान मालिक पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि किरायेदार के साथ आये सभी युवकों ने मिलकर मकान मालिक के साथ मारपीट की और तेजधार हथियारों से उसपर हमला किया। इस दौरान मकान मालिक के घर पर ईंट-पत्थर और कांच की बोतलें भी फेंकीं गई। जिससे पूरी गली में कांच बिखर गया। इस घटना में गली में खड़े कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
इसके अलावा हमलावरों ने गली में खड़ी बाइक, स्कूटी और एक अन्य घर को भी नुकसान पहुंचाया है। जिसके बाद पूरी गली में अफरा-तफरी मंच गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
वहीं सूचना मिलते ही रामामांडी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जाँच कर रही है। पुलिस के अनुसार मौके पर मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।