दोआबा न्यूज़लाइन
अमृतसर से जम्मू जा रही थी बस
गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर आज सुबह भयानक सड़क हादसा हुआ। मिली जानकारी के अनुसार हाईवे पर शुक्रवार सुबह धारीवाल के नजदीक कलेर खुर्द इलाके में एक टूरिस्ट बस अनयंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई है जबकि 5 अन्य लोग गंभीर घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर सवारियों की चीख- पुकार मच गई। वहीं बस पलटने के कारण पीछे से आ रही कई गाड़ियां भी आपस में टकरा गईं। दुर्घटनाग्रस्त बस अमृतसर से जम्मू जा रही थी।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस में ज्यादातर कॉलेज स्टूडेंट थे जो अमृतसर के ग्लोबल कॉलेज में पढ़ते हैं। यह सभी स्टूडेंट एग्जाम ख़त्म होने पर छुट्टियों में अपने घर जम्मू जा रहे थे और सभी छात्र बेहद खुश थे। जबकि इस भयानक हादसे के चलते 2 कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं घटना की सूचना पाकर तुरंत स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जिनमें से कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं एक्सीडेंट के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस टीम ने तुरंत क्रेन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त बस और आपस में टकराए वाहनों को सड़क से हटाकर जाम रोड क्लैयर करवाया। पुलिस के अनुसार मृतक छात्रों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं बस की रफ्तार तय सीमा से अधिक तो नहीं थी।
वहीं पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने इस दर्दनाक हादसे पर दुःख प्रकट किया है। सीमे मान ने कहा कि सेखवां पुलिस स्टेशन के पास बस पलटने की खबर बहुत दिल दहला देने वाली है। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में शांति दें। आपकी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है, और मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके अलावा, घायलों का मुफ्त इलाज किया जाएगा।