ICC महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्यों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात

दोआबा न्यूज़लाइन

नई दिल्ली: नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में आज यानि 6 नवंबर को आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सदस्यों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति महोदया ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रत्येक सदस्य को बधाई दी और कहा कि उन्होंने क्रिकेट विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया है। देश और विदेश के हर कोने में रह रहे लाखों भारतीय उनकी इस जीत का जश्न मना रहे हैं।

इस मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि यह टीम भारत का प्रतिबिंब है। वे विभिन्न क्षेत्रों, विभिन्न सामाजिक पृष्ठभूमियों और विभिन्न परिस्थितियों का प्रतिनिधित्व करते हैं। लेकिन वे एक टीम हैं – भारत। यह टीम अपने सर्वश्रेष्ठ रूप में भारत को दिखाती है। उन्होंने यह भी कहा कि टीम ने सात बार की विश्व विजेता और उस समय तक अपराजित रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को हराकर अपनी क्षमता में सभी भारतीयों के विश्वास को मज़बूत किया। एक कड़े मुकाबले में एक मज़बूत टीम के ख़िलाफ़ बड़े अंतर से फ़ाइनल मैच जीतना टीम इंडिया की उत्कृष्टता का एक यादगार उदाहरण है।

राष्ट्रपति ने आगे यह भी कहा कि वे युवा पीढ़ी, खासकर लड़कियों के लिए रोल मॉडल बन गई हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिन गुणों के बल पर उन्होंने इतिहास रचा है, उन्हीं गुणों के साथ वे भविष्य में भी भारतीय क्रिकेट को शीर्ष पर बनाए रखेंगी। उन्होंने आगे कहा कि इन महिला खिलाडियों की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, उत्कृष्ट खेल कौशल, दृढ़ संकल्प और उनके परिवारों तथा क्रिकेट प्रेमियों का प्यार और आशीर्वाद रहा है। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि क्रिकेट जैसे टीम गेम में टीम के सभी सदस्यों को हर समय पूरी तरह से प्रतिबद्ध रहना होता है। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य कोच, बॉलिंग कोच, फील्डिंग कोच और सर्पोट स्टाफ- सभी की सराहना की। उन्होंने कामना की कि वे अपने प्रदर्शन से टीम इंडिया के लिए सफलता के नए रिकॉर्ड बनाना जारी रखेंगी।

Related posts

भारत-अल्जीरिया संयुक्त आयोग ने नई दिल्ली में उद्घाटन बैठक के दौरान रक्षा सहयोग को बढ़ाने पर जताई सहमति

PM मोदी ने UAE पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की, कहा -नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य

विधानसभा 2026 Election : तमिलनाडु के रुझानों में दिखा बढ़ा उलटफेर, 2 साल पुरानी TVK चल रही आगे, पढ़ें खबर…