फरीदाबाद में बड़ा हादसा, स्कूल पर गिरी निर्माणाधीन घर की दीवार, मलबे में दबने से 4 बच्चों की हालत गंभीर

दोआबा न्यूज़लाइन

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार सुबह एक निजी स्कूल में स्कूल की छत गिरने की सूचना मिली है। मिली जानकारी के अनुसार फरीदाबाद की भारत कॉलोनी स्थित हंस मेमोरियल स्कूल में शनिवार सुबह पीछे लगती निर्माणाधीन इमारत की दीवार अचानक स्कूल की छत पर गिर गई। दीवार गिरने से स्कूल की छत टूटकर नीचे आ गिरी। हादसे में 4 बच्चे गंभीर घायल हुए हैं जबकि कुछ अन्य बच्चों को चोटें आई हैं।

हादसे के बाद अचानक स्कूल में अफरा- तफरी मच गई। स्कूल की छत गिरने से कमरे में करीब 10 बच्चे मलबे में दब गए, जिन्हें स्कूल स्टाफ द्वारा बाहर निकाला गया। इसके बाद स्कूल स्टाफ द्वारा घायल बच्चों को इलाज के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि शनिवार को अचानक सुबह तेज आंधी के कारण स्कूल के साथ बनाए जा रहे कई मंजिला मकान की दीवार का एक बड़ा हिस्सा स्कूल की छत पर गिर गया। जिससे स्कूल की छत बच्चों के ऊपर गिर गई।

बताया जा रहा है कि दीवार यूकेजी क्लास के बच्चों के ऊपर गिरी थी। जिसमें दीप्ती, दिव्या, मीरा, नंदू को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक सभी बच्चे यूकेजी क्लास में पढ़ते हैं और सभी की उम्र लगभग 6 से 7 साल के बीच है।

वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी खुर्शीद ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में वि‌द्यार्थियों के लिए स्थापित किया जा रहा मानसिक स्वास्थ्य केंद्र

जालंधर में बीती देर रात BMC चौक पर पलटी अनयंत्रित Audi कार, मौके पर गाड़ी से शराब की बोतल मिली

जालंधर कमिश्नरेट पुलिस, काउंटर इंटेलिजेंस और AGTF ने पकड़ा एक आरोपी,  1 हैंड ग्रेनेड और मोटरसाइकिल बरामद