दोआबा न्यूज़लाईन
जालंधर : जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब दिनेश ढल्ल के नेतृत्व में दर्जनों नौजवान ”आप” कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की से विचार-विमर्श के बाद आयोजित इस ज्वाइनिंग कार्यक्रम में पूर्व विधायक के.डी. भंडारी, पूर्व जिला प्रधान सुशील शर्मा, जिला उपप्रधान मनीष विज, मंडल भाजपा प्रधान आशीष सहगल सहित अन्य प्रमुख भाजपा नेताओं ने नौजवानों का पार्टी में स्वागत किया।
दिनेश ढल्ल ने कहा : नौजवानों का भाजपा से जुड़ना पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण
दिनेश ढल्ल ने कहा कि जालंधर नॉर्थ में नौजवानों का भाजपा के साथ जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि युवा वर्ग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, भाजपा की विकासवादी सोच और मजबूत नेतृत्व से प्रभावित है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार से निराश होकर नौजवान अब भाजपा को पंजाब के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद के रूप में देख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक बदलाव नहीं, बल्कि पंजाब में सुरक्षा, विकास, रोजगार और बेहतर भविष्य का वातावरण तैयार करना है। दिनेश ढल्ल ने विश्वास जताया कि नौजवानों के सहयोग से जालंधर नॉर्थ में भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आने वाले समय में पार्टी की जनसमर्थन में लगातार वृद्धि होगी।
पूर्व विधायक के.डी. भंडारी ने कहा कि जालंधर नॉर्थ के नौजवानों का भाजपा में शामिल होना पार्टी के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति को नई दिशा मिली है। भाजपा हमेशा नौजवानों को आगे बढ़ने के अवसर देने और उनकी ऊर्जा को समाज व राष्ट्र निर्माण में लगाने के लिए प्रतिबद्ध रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब ऐसी सरकार चाहते हैं जो जनता से किए वादों को पूरा करे और प्रदेश में अमन-शांति, सुरक्षा तथा विकास को प्राथमिकता दे। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए नौजवानों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा परिवार में उन्हें पूरा सम्मान दिया जाएगा और संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
पूर्व जिला प्रधान सुशील शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के प्रति लोगों की निराशा और भाजपा के प्रति बढ़ता विश्वास प्रदेश की राजनीति में बदलाव के संकेत हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाते हैं और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं।
इस मौके पर उपस्थित भाजपा नेताओं ने पार्टी में शामिल हुए सभी नौजवानों का स्वागत किया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।