दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: पंजाब के जालंधर में लूट, चोरी और छीना- छपटी की घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। ताजा घटना शहर के एसएएस नगर एक्सटेंशन इलाके से आज सुबह सामने आई है, जहां 2 एक्टिवा सवार लुटेरों ने एक डॉक्टर की पत्नी पर तेजधार हथियार से हमला कर लॉकेट सहित सोने की चेन झपट ली और भागने लगे। लेकिन तभी पीछे से आ रहे एक कार चालक ने बहादुरी दिखाते हुए जानबूझ कर एक्टिवा को टक्कर मार दी और एक लूटेरे को दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि घटना के वक़्त महिला गली में बाहर रोज की तरह कुत्तों को खाना और डाल रही थी तभी मौके का फायदा उठाकर 2 एक्टिवा सवार वहां आए और महिला पर हमला कर दिया और उसकी लॉकेट समेत सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देकर जब आरोपी भागने लगे तभी पीछे से सारी वारदात देखते हुए आ रहे एक राहगीर ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी कार से लुटेरों की एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से एक आरोपी सड़क पर गिर गया और उसकी टांग टूट गई। जबकि उसका दूसरा साथी चेन और लॉकेट लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके के लोग इक्क्ठा हुए और उन्होंने मिलकर सड़क पर गिरे हुए आरोपी को पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। वहीं घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजन कुमार के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस द्वारा फरार आरोपी को भी पकड़ने का प्रयत्न किया जा रहा है ।