दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जारी रखते हुए एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना फिल्लौर पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 103 ग्राम हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई जालंधर ग्रामीण के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक (जांच) विनीत अहलावत), जालंधर ग्रामीण और उप पुलिस अधीक्षक, उप-मंडल फिल्लौर भारत मसीह लधर की निगरानी में की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी भारत मसीह लधर, , उप-मंडल फिल्लौर ने बताया कि थाना प्रभारी, थाना फिल्लौर के इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह भुल्लर के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने विक्की सोहता उर्फ विक्की, पुत्र जगदीश राम, निवासी ऊंची घाटी, फिल्लौर, जिला जालंधर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 103 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में एफआईआर संख्या 200 दिनांक 19.07.2026 थाना फिल्लौर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(B), 61 एवं 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्वयं नशे का आदी था और अपनी लत पूरी करने के लिए नशा तस्करी करने लगा। जांच में यह भी सामने आया कि वह विभिन्न क्षेत्रों से हेरोइन लाकर ऊंचे दामों पर बेचता था। इसके अतिरिक्त आरोपी के विरुद्ध थाना सलेम टाबरी, जिला लुधियाना में लूट से संबंधित एक आपराधिक मामला पहले से दर्ज हैं। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसका पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पूछताछ के दौरान और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है, जिससे नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सकेगा।