जालंधर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 100 ग्राम हेरोइन समेत नशा तस्कर गिरफ्तार

जालंधर : जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 19 जून को इंस्पेक्टर पुष्प बाली के निर्देश पर एसआई कश्मीर सिंह की अगुवाई में सीआईए स्टाफ की टीम थाना करतारपुर क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दयालपुर स्थित पवन वैष्णो ढाबा के नजदीक एक युवक काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल (PB09-AP-4637) पर संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर उसने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान नारपेल सिंह उर्फ भिल्ला, पुत्र जागीर सिंह, निवासी गांव बूटां, थाना सुभानपुर, जिला कपूरथला के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

इस संबंध में थाना करतारपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B), 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशा तस्करी का कारोबार शुरू किया था। वर्ष 2024 में भी उसके खिलाफ थाना सुभानपुर, जिला कपूरथला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह फिलहाल जमानत पर बाहर था। जमानत मिलने के बाद उसने दोबारा हेरोइन की तस्करी शुरू कर दी और अमृतसर बॉर्डर क्षेत्र से हेरोइन लाकर करतारपुर व आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था।

एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है। रिमांड के दौरान उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक, हेरोइन सप्लायरों तथा खरीददारों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। साथ ही नशा तस्करी से अर्जित चल-अचल संपत्तियों की भी जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

संत बाबा भाग सिंह यूनिवर्सिटी की तरफ से विद्यार्थियों को दी गई बस सुविधा ने सुरक्षित बनाया सफर: डॉ. पलविंदर सिंह

सेंट सोल्जर की छात्रा वैष्णवी का “द स्मैशर्स” बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन

जालंधर के लायलपुर खालसा कॉलेज ने ऑर्गनाइज़ किया ओरिएंटेशन प्रोग्राम