लुधियाना के निजी स्कूल को मिली बम धमकी, हड़कंप के बीच छात्रों की छुट्टी

पंजाब : लुधियाना के एक नामी निजी स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। एहतियात के तौर पर स्कूल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब ढाई हजार छात्रों को सुरक्षित घर भेज दिया और पुलिस को सूचित किया।

जानकारी के अनुसार, सुबह स्कूल प्रशासन को एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई थी। संदेश मिलते ही प्रबंधन सतर्क हो गया और बिना समय गंवाए बच्चों के अभिभावकों को सूचना देकर छुट्टी कर दी गई।

स्कूल के प्रिंसिपल अनिल शर्मा ने बताया कि इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई, जिससे स्टाफ और अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया है। उन्होंने बताया कि संदिग्ध ईमेल से जुड़ी जानकारी पुलिस को सौंप दी गई है, ताकि भेजने वाले का पता लगाया जा सके।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह धमकी सिर्फ एक स्कूल तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के अन्य शिक्षण संस्थानों को भी इसी तरह के संदेश मिलने की बात सामने आई है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

Related posts

केंद्र सरकार के 4 श्रम कोड के विरोध में मजदूरों के हक में आई कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सिस्ट स्टेट कमेटी

जालंधर के DC दफ्तर के बाहर महंगाई को लेकर किसानों का प्रदर्शन, पंजाब CM मान सहित PM मोदी का फूंका पुतला

फिरोजपुर में भयानक Accident , पिकअप और ट्राले की टक्कर में 8 की दर्दनाक मौत, कई लोग गंभीर घायल