घल्लूघारा दिवस के मद्देनजर जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा सभी सब-डिवीजनों में निकाला गया फ्लैग मार्च

दोआबा न्यूज़लाइन

विशेष नाकाबंदियां और चेकिंग अभियान भी चलाए गए

जालंधर: जालंधर ग्रामीण पुलिस ने घल्लूघारा दिवस के मद्देनजर शांति, जन सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले भर में सुरक्षा प्रबंध और अधिक सख्त कर दिए गए हैं। बढ़ाए गए सुरक्षा प्रबंधों के तहत व्यापक फ्लैग मार्च, विशेष नाकाबंदियां और चेकिंग अभियान चलाए गए हैं। एसएसपी जालंधर ग्रामीण स. हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशों के तहत जिले के सभी सब-डिवीजनों, थाना क्षेत्रों तथा अन्य संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किए गए। सभी राजपत्रित अधिकारियों ने स्वयं सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी की तथा अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती का जायजा लिया।

इसके अतिरिक्त सभी एस.एच.ओ. एवं पुलिस चौकी प्रभारियों द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र में नाकाबंदियों एवं गश्ती गतिविधियों की निगरानी की गई। एसएसपी  ने भी खुद विभिन्न नाका प्वाइंटों एवं संवेदनशील स्थानों का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उच्च स्तर की सतर्कता एवं तैयारियां बनाए रखने के निर्देश जारी किए।

इस दौरान पुलिस द्वारा धार्मिक स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों तथा अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग की जा रही है। जिले भर में महत्वपूर्ण स्थानों पर नाकाबंदियां स्थापित की गई हैं, जबकि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दिन एवं रात की गश्त को और अधिक तेज किया गया है। आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन एवं पुलिस गश्ती टीमों को 24 घंटे तैनात किया गया है ताकि निरंतर निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया तथा कानून-व्यवस्था का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।

जालंधर ग्रामीण पुलिस ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि के बारे में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने अथवा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना देने के लिए कहा है। जालंधर ग्रामीण पुलिस घल्लूघारा दिवस के अवसर पर शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

Related posts

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था ने युवाओं के सपनों को दी नई उड़ान, 67 हजार से अधिक को मिला रोजगार : अश्वनी अग्रवाल

जालंधर के डेरा बल्लां पहुंचे सांसद चन्नी, डेरे के चैरिटेबल अस्पताल को भेंट की आधुनिक एम्बुलेंस

जालंधर विशाल धार्मिक समागम के लिए पूरी तरह तैयार, गायक हंसराज रघुवंशी 13 जून को देंगे प्रस्तुति : मोहिंदर भगत