जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नशा तस्करी गिरोह का किया पर्दाफाश, 25 ग्राम हेरोइन सहित 1 आरोपी गिरफ्तार

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर: समाज विरोधी तत्वों एवं नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जालंधर ग्रामीण पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक नशा तस्कर को काबू कर उसके कब्जे से 25 ग्राम हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई एसपी (तफ्तीश) विनीत अहलावत एवं डीएसपी (डिटेक्टिव) इंदरजीत सिंह की निगरानी में की गई, जबकि इंस्पेक्टर पुष्प बाली, इंचार्ज सीआईए स्टाफ द्वारा महत्वपूर्ण सूचना एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

दिनांक 16.04.2026 को एएसआई बलविंदर सिंह के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ की टीम थाना आदमपुर क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग पर थी। इस दौरान बस स्टैंड आदमपुर के पास पुलिस पार्टी को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि जगप्रीत सिंह बंसल उर्फ जग्गी निवासी आदमपुर अपने घर के बाहर खड़े होकर हेरोइन बेचने का अवैध धंधा कर रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए रेलवे रोड, यम्मी फास्ट फूड के पास आदमपुर में रेड की गई, जहां एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करता हुआ दिखाई दिया, जिसे तुरंत काबू कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान जगप्रीत सिंह बंसल उर्फ जग्गी पुत्र अमरजीत सिंह बंसल निवासी रेलवे रोड, यम्मी फास्ट फूड के पास, आदमपुर, थाना आदमपुर, जिला जालंधर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना आदमपुर में एफआईआर नंबर 73 दिनांक 16.04.2026 के तहत धारा 21 बी, 61, 85 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को कानून अनुसार गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशा करने का आदी है और जिला कपूरथला के हमीरा एवं सुभानपुर क्षेत्रों से सस्ते दामों पर हेरोइन लाकर आदमपुर एवं भोगपुर क्षेत्रों में सप्लाई करता था। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया जा रहा है तथा पूछताछ के दौरान नशा सप्लाई नेटवर्क एवं उसके साथियों के संबंध में और खुलासे होने की संभावना है। इसके फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की भी गहन जांच की जा रही है।

वहीं एसएसपी विर्क ने आगे बताया कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित आरोपी की चल एवं अचल संपत्ति को भी कानून के अनुसार जब्त किया जाएगा। जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने एवं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अपने संकल्प को दोहराया है और आगे जांच जारी है।

आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी जगप्रीत सिंह बंसल उर्फ जग्गी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। इसके विरुद्ध पूर्व में एफआईआर नंबर 211 दिनांक 07.09.2020 के तहत धारा 336 आईपीसी एवं 25, 54, 59 आर्म्स एक्ट, थाना आदमपुर में दर्ज है। इसके अतिरिक्त एफआईआर नंबर 72 दिनांक 15.04.2026 के तहत धारा 22, 61, 85 एनडीपीएस एक्ट, थाना आदमपुर में भी नामजद किया गया है।

Related posts

DC ने साइक्लोथॉन के माध्यम से शहरवासियों को नशे के खिलाफ लामबंद होने का दिया न्योता

खराब जीवनशैली से बढ़ रहा लिवर रोगों का खतरा, हर 3–4 में से 1 भारतीय प्रभावित

Jalandhar: काला सिंघा रोड पर कबाड़ के गोदाम में लगी आग, फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने में जुटीं