दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि
भार्गव कैंप में एक प्रवासी युवक ने पड़ोस में रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची को बातों के झांसे में फंसा कर अपने घर पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद बच्ची डरी सहमी अपने घर पर पहुंची और उसने सारी घटना अपनी माँ को बताई। जिसके बाद माँ ने थाने में उक्त प्रवासी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
वहीं पुलिस ने पीड़िता और उसकी मां के बयानों के आधार पर आरोपी प्रवासी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची कि मेडिकल जाँच करवाई गई है। मेडिकल रिपोर्ट आने व कोर्ट में दर्ज होने वाले बयानों के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
वहीं इस मामले में जानकारी सांझा करते हुए एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने बताया कि घटना वाली रात आरोपी युवक ने नाबालिग को 12 बजे घर पर बुलाया। नाबालिग बच्ची अपने परिजनों को बिना बताए पड़ोसी युवक के घर चली गई। जहां आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। उनके अनुसार घटना के बाद डरी सहमी बच्ची जब वापस आई, तो उसने अपनी मां को इस घिनौनी हरकत के बारे में विस्तार से बताया। जिसके बाद मां अपनी बेटी को साथ लेकर नजदीकी पुलिस थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज करवाई।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार घटना से कुछ दिन पहले ही जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में रहने के लिए आया था। इसी दौरान पीड़ित बच्ची की जान-पहचान और दोस्ती पड़ोस में रहने वाले एक प्रवासी युवक से हो गई। दोनों आपस में बातचीत करने लगे और साथ घूमते-फिरते भी थे। इसी का फायदा उठाते हुए प्रवासी युवक ने नाबालिग युवती को देर रात अपने घर पर बुलाया और उसके साथ ऐसी घिनौनी हरकत को अंजाम दिया।