दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: महानगर के भार्गव कैंप स्थित बाजार में बुधवार सुबह एक घर की दूसरी मंजिल पर मंदिर में जल रही जोत के कारण आग लगने की घटना सामने आई है। इस हादसे में घर में रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया है। हालांकि गनीमत रही कि आग लगने का पता चलने पर दूसरी मंजिल में खेल रहे बच्चों को परिवार और मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर अचानक अफरा- तफरी का माहौल बन गया।
इस दौरान परिवार के लिए दुख की बात यह रही कि जब पीड़ित परिवार और आसपास के लोग घर के लोगों और सामान को बचने में लगे थे , तब एक अज्ञात व्यक्ति ने मौके का फायदा उठाकर परिवार का पर्स, ₹20,000 नकद और नया मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। पारिवारिक सदस्य के अनुसार वह घर की दूसरी मंजिल पर घर के मंदिर में जोत जलाकर नीचे चाय पीने बैठे थे। इसी दौरान ऊपर दूसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे के दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ी को मोहल्ले में आने में संकरी गली और बाजार में दुकानों के बाहर रखे बेंच और सामान के कारण काफी समय लगा। गाड़ी दूर ही खड़ी रह गई। इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने हिम्मत दिखाई और पानी की बाल्टियां भर- भर कर किसी तरह फायर ब्रिगेड के आने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। इस दौरान पहले लोगों और पारिवारिक सदस्यों ने दूसरी मंजिल पर खेल रहे बच्चों और अंदर पड़े गैस सिलेंडरों को तुरंत बाहर निकाला।
घटना के बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंचे स्थानीय कौंसलर ने लोगों के साथ मिलकर बाजार में सभी दुकानदारों से उनकी दुकानों के बाहर लगे अतिक्रमण को हटाने की अपील की।