दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर से धोखाधड़ी का एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जालंधर के मकसूदां क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शादीशुदा होने के बावजूद खुद को अविवाहित बताकर नया पासपोर्ट बनवाया और कनाडा फरार हो गई। महिला के पति की शिकायत पर फिरोजपुर पुलिस ने पवनप्रीत कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि महिला पेशे से डॉक्टर है।
वहीं डॉक्टर के पति का आरोप है कि उसकी पत्नी घर से नकदी और गहने लेकर गई और सरकारी दस्तावेजों में गलत जानकारी देकर पासपोर्ट हासिल किया और विदेश भाग गई। यह कार्रवाई फिरोजपुर निवासी उसके पति त्रिपुष शर्मा की शिकायत पर की गई थी। पति का कहना है कि उनकी शादी साल 2021 में हिंदू रीती-रिवाज से फिरोजपुर में हुई थी। कुछ समय बाद दोनों के रिश्तों में खटास आ गई और अनबन रहने लगी। इसके बाद, साल 2024 में महिला डॉक्टर ने अपने पति से रिश्ता और शादी छिपाते हुए जालंधर के रीजनल पासपोर्ट ऑफिस में खुद को अविवाहित (सिंगल) बताकर धोखे से नया पासपोर्ट बनवा लिया।
पति त्रिपुष शर्मा का यह भी आरोप है कि पासपोर्ट मिलते ही उनकी डॉक्टर पत्नी बिना बताए घर में रखे कीमती गहने और नकदी समेटकर चुपचाप कनाडा भाग गई और तब से वापस नहीं लौटीं। पति की इस गंभीर शिकायत पर जब फिरोजपुर पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की तो आरोप सही पाए गए। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला डॉक्टर पवनप्रीत कौर के खिलाफ धोखाधड़ी (धारा 420) और आपराधिक विश्वासघात (धारा 406) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पासपोर्ट ऑफिस को भी इस फर्जीवाड़े की आधिकारिक जानकारी दी जाएगी और कानून के मुताबिक आगे की कड़ी कार्रवाई की जा रही है ताकि पीड़ित पति को न्याय मिल सके।