दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के लांबड़ा थाने के अधीन आते गांव गद्दो वाली में बीती देर रात चोरों ने एक घर को अपना निशाना बनाया। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात गांव गद्दो वाली में एक घर में खेतों की तरफ से खिड़की के रास्ते चोर घुसे और घर से गहने और कैश लेकर उसी रास्ते से फरार हो गए। इस घटना में हैरानी वाली बात यह रही कि चोरों को पता था कि परिवार किस कमरे में सो रहा है। इसलिए उन्होंने चोरी से पहले उस कमरे को बाहर से भरी सामान रखकर बंद कर दिया था। घटना शुक्रवार देर रात 2:30 बजे के करीब की है।
वहीं पीड़ित परिवार का कहना है कि रात करीब 2 बजे जब वह वॉशरूम जाने के लिए उठे थे। तब घर में सब सामान्य था। इसके बाद चोर पीछे खेतों के रास्ते खिड़की तोड़कर घर में घुसे और अलमारी तोड़कर करीब 4 तोले सोने के गहने और 40 हजार रुपए के करीब की नकदी लेकर उसी रास्ते से फरार हो गए। परिवार के अनुसार चोरी हुए गहनों में सोने की चेन, अंगूठियां और टॉप्स शामिल हैं। घर के मालिक गुरमीत राम के मुताबिक वारदात के समय वह पास वाले कमरे में ही सो रहे थे। वारदात के दौरान उन्हें खिड़की का कांच टूटने की आवाज भी उन्हें सुनाई दी, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य आवाज समझकर नजरअंदाज कर दिया और उसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि चोरों को पता था कि वह पास वाले कमरे में सो रहे हैं। इसलिए उन्होंने घर के अंदर से बड़ा टेबल दरवाजे के आगे लगा दिया और उस पर बच्चों के किताबों वाले बैग रखकर टेबल को दरवाजे से बांध दिया ताकि अगर वह शोर सुनकर दरवाजा खोलने की कोशिश करें तो उनसे दरवाजा न खुल पाए। परिवार ने कहा कि वह अपने तोर पर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक कर रहे हैं।
गुरमीत राम ने बताया कि चोरी का पता उन्हें तब चला जब शनिवार सुबह करीब सवा 5 बजे उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इससे उन्हें शक हुआ। उन्होंने जोर लगाकर किसी तरह दरवाजा खोला तो बाहर बड़ा मेज रखा मिला। जिसके बाद उन्होंने अफरा तफरी में दूसरे कमरे में जाकर देखा तो अलमारी खुली थी, कपड़े बिखरे हुए थे और लॉकर टूटा हुआ था। सामान की जांच करने पर पता चला कि घर से सोने के गहने और नकदी गायब थी। बाद में उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।
घटना की सूचना पाकर पुलिस सुबह मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।