जालंधर के DC वरजीत वालिया ने विभिन्न पोलिंग बूथों का किया दौरा

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार वोटर सूचियों की चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026 के तहत मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब के निर्देशों के अनुसार आज जिले के सभी 1997 पोलिंग स्टेशनों पर विशेष कैंप लगाए गए। डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने विभिन्न पोलिंग बूथों का दौरा करके वोटरों से दावे व आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान कैंप में पहुंचे नागरिकों से बातचीत भी की।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि यह कैंप योग्य नागरिकों की वोटर के रूप में रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने तथा वोटरों को नोटिस फॉर्म, दावे और आपत्ति दाखिल करने संबंधी सहयोग प्रदान करने के लिए लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहकर नागरिकों की आवश्यकतानुसार फॉर्म नं. 6, 6ए और फॉर्म 8 भरने में सहायता की गई। इसके साथ ही सहायक दस्तावेज भी प्राप्त किए गए ताकि वोटर सूची में नाम दर्ज करने, विवरणों में संशोधन आदि समय पर सुनिश्चित किए जा सकें।

उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान दिव्यांग (पी.डब्ल्यू.डी) वोटरों की पहचान भी की गई और आवश्यक मार्किंग के लिए फॉर्म नंबर 8 भरवाए गए ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान उन्हें आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाई जा सकें। डीसी वालिया ने विशेष कैंप में सहयोग देने के लिए विभिन्न राजनीतिक पार्टियों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों (बी.एल.एज) का भी धन्यवाद किया।

उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग द्वारा एस.आई.आर.-2026 संबंधी जारी शेड्यूल के अनुसार ड्राफ्ट वोटर सूची का प्रकाशन 13 अगस्त 2026 को किया जा चुका है, जिसके संबंध में 12 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे। नोटिस चरण/दावों और आपत्तियों का निपटारा 8 अक्तूबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम वोटर सूची का प्रकाशन 12 अक्तूबर 2026 को किया जाएगा।

Related posts

जालंधर पुलिस ने काबू किया फर्जी CIA कर्मचारी, आरोपी पर पहले से दर्ज है NDPS केस

अजीत नगर लड़ाई वायरल वीडियो मामले में रामामंडी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज, दोषियों की तलाश में रेड जारी

नशे के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेगी भाजपा, मोदी जी के जन्मदिवस पर लिया सेवा का संकल्प: हिक्की