दोआबा न्यूज़लाइन
SSF टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कैंटर चालक को बाहर निकाला, गंभीर हालत में सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया गया था; ट्रैक्टर चालक मौके से फरार
जालंधर : नेशनल हाईवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते भीषण सड़क हादसा हो गया। विज्ञापन का बड़ा होर्डिंग लेकर जा रही स्वराज 735 ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे एक आइशर कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सुखपाल सिंह केबिन में ही फंस गया। हादसे में उसकी टांग गंभीर रूप से जख्मी हो गई। एसएसएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे केबिन से बाहर निकाला और इलाज के लिए सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया। हालांकि, कैंटर चालक की मौत हो गई।
राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची एसएसएफ टीम
हादसे की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) के इंचार्ज जसविंदर सिंह ने बताया कि किसी राहगीर ने सड़क हादसे की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान पता चला कि स्वराज 735 ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बड़ा विज्ञापन होर्डिंग लदा हुआ था। इसी दौरान पीछे से आ रहे आइशर कैंटर नंबर PB11 CT 8318 ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।
कैंटर के केबिन में बुरी तरह फंसा था चालक
जसविंदर सिंह के मुताबिक, हादसे के बाद कैंटर चालक सुखपाल सिंह वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया था। उसकी टांग में गंभीर चोट आई थी। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। कैंटर चालक को बाहर निकालने के लिए एसएसएफ की टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर काफी प्रयास किए। काफी मशक्कत के बाद उसे केबिन से बाहर निकाला गया।
मौके पर प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया
एसएसएफ टीम ने घायल चालक को बाहर निकालने के बाद मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया। उसकी जख्मी टांग पर पट्टी बांधकर खून का बहाव रोकने का प्रयास किया गया। इसके बाद नेशनल हाईवे की एंबुलेंस सेवा 1033 की मदद से उसे सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया गया। हालांकि, चालक की जान नहीं बचाई जा सकी।
हाईड्रा क्रेन से हटाए दुर्घटनाग्रस्त वाहन
हादसे के कारण हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। इसके बाद एनएचएआई की हाइड्रा क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कैंटर और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटाकर किनारे करवाया गया। वाहनों को हटाने के बाद हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारू कर दिया गया। एसएसएफ इंचार्ज ने बताया कि मामले की अगली कानूनी कार्रवाई के लिए थाना फिल्लौर के मुंशी (एमएचसी) को भी सूचित कर दिया गया है।